IPL 2022 : चेन्नई को लगा तगड़ा झटका, बाहर हुआ अहम खिलाड़ी, प्लेऑफ का रास्ता मुश्किल

नई दिल्ली। चेन्नई सुपर किंग्स के लिए आईपीएल 2022 का सफर अच्छा नहीं रहा है। टीम का प्लेऑफ में जाने का रास्ता पहले ही बेहद मुश्किल हो चुका है, लेकिन इस बीच टीम को एक और बड़ा झटका लगा है। दरअसल, टीम के स्टार ऑलराउंडर मोईन अली टखने की चोट के कारण लगभग एक सप्ताह के लिए बाहर हो गए हैं। इस तरह चेन्नई अब रविवार को जो सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच खेलेगी, उसमें मोईन अली शामिल नहीं हो पाएंगे।
यह भी पढ़ें- हरभजन सिंह ने चुनी ऑलटाइम IPL इलेवन, इस महान खिलाड़ी को बनाया कप्तान

पंजाब के खिलाफ नहीं खेल पाए थे मैच
मोईन अली से पहले भी चेन्नई के कई खिलाड़ी चोटिल हुए हैं, लेकिन मुख्य कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने जानकारी दी है कि वह एक सप्ताह के समय में अली टीम में वापसी करेंगे। दीपक चाहर और एडम मिल्ने पहले ही अपनी चोटिल होने के कारण आईपीएल 2022 से बाहर हो चुके हैं। मोईन अली को नेट्स में अभ्यास सत्र के दौरान चोट का सामना करना पड़ा और सोमवार को पंजाब किंग्स के खिलाफ उन्हें प्लेइंग इलेवन में शामिल नहीं किया था।

जल्द होगी रिकवरी
वहीं फ्लेमिंग ने कहा, "अली का टखना मुड़ गया है, एक्स-रे से पता चला कि कोई फ्रैक्चर नहीं है, लेकिन बिल्कुल फिट होने के लिए एक सप्ताह का समय है। हमें उम्मीद है कि कोई फ्रैक्चर नहीं है, इसलिए रिकवरी जल्दी होगी।'' मोईन अली ने इस सीजन में अब तक सीएसके के लिए पांच मैच खेले हैं और 17.40 के औसत और 124.29 के स्ट्राइक रेट से केवल 87 रन ही बना पाए हैं। अली टीम का हिस्सा थे, जब पिछले सीजन में चेन्नई ने अपनी चौथी आईपीएल ट्रॉफी जीती थी, लेकिन वह इस साल बल्ले से बड़ा स्कोर करने के लिए संघर्ष कर रहे हैं।

रायुडू भी हुए थे चोटिल
इसके अलावा चेन्नई के स्टार बल्लेबाज अंबाती रायुडू ने सोमवार को पीबीकेएस के खिलाफ फील्डिंग करते हुए अपनी कलाई को चोटिल कर लिया। हालांकि उन्होंने शानदार फील्डिंग का प्रदर्शन किया, लेकिन दर्द को सहन नहीं कर पाने के कारण उन्हें बाहर जाना पड़ा। जब चेन्नई लक्ष्य का पीछा करनेत उतरी तो वह बल्लेबाजी करने के लिए आए। साथ ही उन्होंने महज 39 गेंदों में 78 रनों की पारी भी खेली, लेकिन बाकी बल्लेबाजों का सहयोग ना मिलने से चेन्नई को 11 रनों से हार मिल गई।
बता दें कि चेन्नई का प्लेऑफ का रास्ता मुश्किल हो चुका है। टीम को अभी तक खेले 8 मैचों में 6 में हार मिल चुकी है। ऐसे में उसके पास सिर्फ दो जीत से मिले 4 अंक हैं। अगर उन्हें प्लेऑफ में शामिल होना है तो हर हाल में बचे अपने 6 मैच जीतने होंगे। अन्यथा उनकी एक हार सपना तोड़ देगी।












Click it and Unblock the Notifications