IPL 2022: टॉस जीतकर फैसला लेना भूले ऋषभ पंत, हार के बावजूद खुश हुए हार्दिक पांड्या
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन का 10वां मैच पुणे के एमसीए स्टेडियम में खेला जा रहा है, जहां पर दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात टाइटंस की टीम एक दूसरे के खिलाफ खेलने उतरी हैं। दिल्ली की टीम ने अपने पहले मैच में मुंबई इंडियंस को मात देने का काम किया था तो वहीं पर गुजरात टाइटंस ने लखनऊ सुपरजाएंटस को हराकर यहां पहुंची है। सीजन में अब तक खेले गये मैचों में टॉस ने अहम भूमिका निभाई है 9 में से 8 बार टॉस जीतने वाली टीम को ही मैच में जीत मिली है।

ऐसे में जब दोनों टीमें यहां खेलने पहुंची तो सभी की नजर टॉस पर थी। इस मैच में दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान ऋषभ पंत ने टॉस जीता लेकिन जब उनसे फैसला बताने के लिये कहा गया तो वो थोड़ा हड़बड़ाते नजर आये और कुछ देर के लिये मैदान पर कन्फ्यूजन फैल गया कि दिल्ली की टीम ने क्या चुना है।
और पढ़ें: 'बूढ़ा घोड़ा होने के बावजूद पकड़ा बेहतरीन कैच', रसेल की विस्फोटक पारी से डरे सैम बिलिंग्स

टॉस जीतने के बाद हड़बड़ा गये पंत
टॉस जीतने के बाद दिल्ली कैपिटल्स की टीम के लिये ऋषभ पंत ने पहले बल्लेबाजी करने की बात कही लेकिन तुरंत ही कहा कि सॉरी मेरा मतलब बॉलिंग से है। आज हम एक दूसरे गेंदबाजी सेटअप के साथ उतर रहे हैं, जिसको देखते हुए हम पहले गेंदबाजी करना चाहते हैं। इसके बाद दोबारा उनसे पूछा गया कि क्या वो श्योर हैं कि वो गेंदबाजी लेना चाहते हैं तो उन्होंने हंसते हुए कहा हां। पंत ने इस दौरान साफ किया कि आज उनकी प्लेइंग 11 में एक बदलाव किया गया है और शिवम नागरकोटी को बाहर बिठा कर मुस्तफिजुर रहमान को टीम में शामिल किया गया है।

पहले बल्लेबाजी करना चाहते थे हार्दिक पांड्या
वहीं हार्दिक पांड्या ने टॉस हारने के बाद भी खुशी जतायी और कहा कि वो टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करना ही चाह रहे थे, ऐसे में जब वही करना पड़ रहा है तो उन्हें टॉस से कोई दिक्कत नहीं है। हार्दिक पांड्या ने आगे बात करते हुए कहा कि यहां पर हवा चल रही है तो हमें नहीं लगता कि यहां पर ओस आयेगी। हमने यहां पर अपनी ट्रेनिंग की थी और हमें इस दौरान बहुत ज्यादा ओस नहीं नजर आयी। यही वजह है कि हम पहले बल्लेबाजी करना चाहते थे। हम बिना किसी बदलाव के उतरे हैं।

जानें कैसी है दोनों टीमों की प्लेइंग 11
दिल्ली कैपिटल्स (प्लेइंग इलेवन): पृथ्वी शॉ, टिम सेफर्ट, मनदीप सिंह, ऋषभ पंत (w/c), ललित यादव, रोवमैन पॉवेल, शार्दुल ठाकुर, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, खलील अहमद, मुस्तफिजुर रहमान।
गुजरात टाइटंस (प्लेइंग इलेवन): शुभमन गिल, मैथ्यू वेड (डब्ल्यू), विजय शंकर, हार्दिक पांड्या (सी), डेविड मिलर, राहुल तेवतिया, अभिनव मनोहर सदरंगानी, राशिद खान, लॉकी फर्ग्यूसन, वरुण आरोन, मोहम्मद शमी।












Click it and Unblock the Notifications