'मुझे काफी बुरा लग रहा है', राजस्थान ने जीता मैच पर खुश नहीं हैं युजवेंद्र चहल, जानें क्यों
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन के 9 मैच पूरे हो चुके हैं और 5 बार की खिताबी चैम्पियन मुंबई इंडियंस के लिये जीत का खाता नहीं खुल सका है। पहले मैच में दिल्ली कैपिटल्स के हाथों हार का सामना करने के बाद मुंबई इंडियंस की टीम डीवाई पाटिल स्टेडियम में अपना दूसरा मैच खेलने उतरी थी, जहां पर उसका राजस्थान रॉयल्स की टीम से हुआ। मुंबई की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, लेकिन राजस्थान की टीम ने जोस बटलर (100) की शतकीय पारी के दम पर 193 रनों का स्कोर खड़ा कर दिया।

जवाब में मुंबई इंडियंस की टीम ने शुरुआत अच्छी की, लेकिन राजस्थान रॉयल्स के लिये रविचंद्रन अश्विन (1 विकेट) और युजवेंद्र चहल (2 विकेट) की जोड़ी ने अपनी टीम की वापसी करायी और 29 रनों से मैच को जीत लिया। इस जीत के साथ ही राजस्थान रॉयल्स की टीम इस सीजन पहली टीम बन गई है, जिसने रनों का बचाव करते हुए अपने दोनों मैचों में जीत हासिल की है।
और पढ़ें: IPL 2022: टॉस जीतकर फैसला लेना भूले ऋषभ पंत, हार के बावजूद खुश हुए हार्दिक पांड्या

तिलक वर्मा-किशन ने खेली शानदार पारी
उल्लेखनीय है कि आईपीएल में खेले गये अब तक के 9 मैचों में 7 बार टीमें स्कोर बचा पाने में नाकाम रही हैं लेकिन राजस्थान रॉयल्स की टीम ने अपने दोनों मैचों में मुश्किल लग रहे इस कारनामे को दोहराने का काम किया है। मुंबई के लिये ईशान किशन (54) और तिलक वर्मा (61) ने शानदार अर्धशतकीय पारियां खेलकर मैच को अपने कंट्रोल में रखा हुआ था, लेकिन अश्विन ने तिलक वर्मा का विकेट लेकर मैच को पलट दिया। ईशान किशन ने मुंबई इंडियंस के लिये ओपनिंग करते हुए लगातार चौथी पारी में अर्धशतक लगाने का कारनामा किया और ऐसा करने वाले पहले खिलाड़ी बनें, तो वहीं पर आईपीएल में अपना दूसरा ही मैच खेल रहे तिलक वर्मा ने 33 गेंदों में 3 चौके 5 छक्के लगाकर पहला अर्धशतक पूरा किया।

करुण नायर की गलती से छूटी चहल की हैट्रिक
ट्रेंट बोल्ट ने ईशान किशन का विकेट चटकाया तो वहीं पर अश्विन ने तिलक वर्मा का विकेट लेकर अपनी टीम की वापसी करायी। हालांकि राजस्थान की जीत सुनिश्चित करने के लिये उसे अभी भी विकेट चटकाने की दरकार थी, जिसे युजवेंद्र चहल ने लेकर दिया। युजवेंद्र चहल ने 16वें ओवर की पहली गेंद में पहले टिम डेविड को एलबीडब्लयू कराया, तो वहीं दूसरी गेंद पर डैनियल सैम्स को जोस बटलर के हाथों कैच कराया। चहल आईपीएल के इतिहास में पहली बार हैट्रिक लेने की मुकाम पर थे और उन्होंने यह कारनामा लगभग कर भी दिया था। बल्लेबाजी करने आये मुरुगन अश्विन ने तीसरी गेंद पर डिफेंड करने की कोशिश की लेकिन गेंद बल्ले का किनारा लेकर स्लिप पर खड़े करुण नायर के पास चली गई, हालांकि करुण नायर कैच को पकड़ नहीं पाये और चहल हैट्रिक लेने से चूक गये।

हैट्रिक छूटने पर क्या बोले चहल
मैच के बाद जब चहल से हैट्रिक छूटने को लेकर बात की गई तो उन्होंने कहा कि उन्हें काफी बुरा लग रहा है क्योंकि पहली बार था जब वो हैट्रिक लेने की कगार पर पहुंचे थे।
उन्होंने कहा,'मुझे थोड़ा सा बुरा लग रहा है लेकिन यह खेल का हिस्सा है। हमारा मुख्य उद्देश्य टीम के लिय मैच जीतना था। यह काफी मजेदार मैच था और काफी अच्छा होता अगर मुझे अपनी हैट्रिक मिल गई होती क्योंकि मैंने अब तक कोई भी हासिल नहीं की है। मेरा प्लान साफ था कि कोई भी नया बल्लेबाज आयेगा उसे गुगली ही फेंकनी है। पिच पर अच्छी उछाल थी और गेंद घूम रही थी, तो मैंने परिस्थितियों को देखा और समझा की टीम को किस चीज की जरूरत है। मैंने सोचा कि क्या मुझे किफायती ओवर कराने पर ध्यान देना चाहिये या फिर विकेट लेना चाहिये, और उसी के हिसाब से लाइन और लेंथ का ध्यान रखा। पुणे में खेले पहले मैच में ओस नहीं ती और आज के मैच में भी नहीं थी, अब देखते हैं कि जब स्वीमिंग पूल (वानखेड़े) में गेंदबाजी करेंगे तो वहां पर क्या होगा।'












Click it and Unblock the Notifications