INDW vs ENGW: इंग्लैंड ने भारत को दिया 152 रन का लक्ष्य, रेणुका ठाकुर ने 15 रन देकर चटकाए 5 विकेट
ग्रुप बी के मुकाबले में भारत का सामना इंग्लैंड से है। भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। इंग्लैंड ने 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 151 रन बनाए हैं।

महिला टी20 वर्ल्ड कप के अहम मुकाबले में भारतीय टीम ने इंग्लैंड को 151 के स्कोर पर रोक दिया है। भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था, जो काफी हद तक सही साबित हुआ। भारतीय गेंदबाजों ने इंग्लैंड को शुरुआती झटके दिए थे। इंग्लैंड के 30 रन के अंदर ही 3 विकेट गिर गए थे, लेकिन ब्रूंट और हीथर नाइट के बीच हुई 51 रन की साझेदारी ने इंग्लैंड को 150 के पार तक पहुंचाया। भारत की ओर से रेणुका सिंह ठाकुर ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट अपने नाम किए। रेणुका ने ही इंग्लैंड के शुरुआती तीन विकेट झटके थे।
रेणुका ठाकुर की घातक गेंदबाजी
रेणुका सिंह ठाकुर ने शानदार गेंदबाजी करते हुए अपने 4 ओवर के स्पेल में 15 रन देकर 5 विकेट अपने नाम किए हैं। रेणुका ने भारत को शानदार शुरुआत दिलाई थी। रेणुका ने मैच के पहले ही ओवर में डेनी व्याट को आउट कर दिया था। इसके बाद पारी के तीसरे ओवर में उन्होंने खतरनाक एलीस कैप्सी को भी पवेलियन भेजने का काम किया। इसके बाद रेणुका ने मैच के पांचवे ओवर में ओपनर सोफिया डंकली को भी 10 रन के स्कोर पर बोल्ड कर दिया। इस तरह पावरप्ले के अंदर उन्होंने 3 विकेट ले लिए थे। बता दें कि रेणुका ठाकुर ने टी20 इंटनरनेशनल में पहली बार 5 विकेट लिए हैं। उन्होंने आज हर ओवर में विकेट झटका।
ब्रंट ने लगाई फिफ्टी
आपको बता दें कि इंग्लैंड की पारी एक समय बहुत संकट में थी। 30 रन के अंदर ही 3 विकेट गिर गए थे, लेकिन, इंग्लैंड की कप्तान हीथर नाइट और नैटली सीवर-ब्रंट ने 38 गेंदों के अंदर 51 रन की अहम पार्टनरशिप की। ब्रंट ने इस दौरान 42 गेंदों के अंदर 50 रन की पारी खेली। वहीं एमी जोन्स ने 27 गेंदों में 40 रन की विस्फोटक पारी खेली।












Click it and Unblock the Notifications