IND vs WI: रेणुका की तूफानी गेंदबाजी में उड़ गई वेस्टइंडीज की टीम, भारत ने दर्ज की रिकॉर्ड जीत
IND vs WI: वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले एकदिवसीय मुकाबले में भारतीय टीम ने तहलका मचा दिया और वेस्टइंडीज के खिलाफ बड़ी जीत दर्ज की। भारतीय महिलाओं ने रनों के हिसाब से वनडे में अपनी दूसरी सबसे बड़ी जीत दर्ज की। टीम इंडिया ने वडोदरा में खेले गए इस मैच में टीम इंडिया ने 211 रनों से जीत हासिल की।
टॉस जीतकर वेस्टइंडीज ने पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया और यह गलत साबित हो गया। स्मृति मंधाना और डेब्यू कर रही प्रतीका रावल ने मिलकर विंडीज गेंदबाजों की धुनाई कर दी। दोनों ने मिलकर पहले विकेट के लिए 110 रनों की भागीदारी की।

रावल के रूप में भारत को पहला झटका लगा। वह 40 रनों के निजी स्कोर पर पवेलियन लौटीं। उधर मंधाना ने फिफ्टी के बाद अपना धांसू खेल जारी रखा और शतक के करीब पहुँच गईं लेकिन 91 रनों के निजी स्कोर पर चलती बनीं। उन्होंने 13 चौकों से 91 रनों की पारी खेली।
हरलीन देओल और हरमनप्रीत कौर ने मिलकर भी उपयोगी पारियां खेली। दोनों ने क्रमशः 44 और 34 रन बनाए। जेमिमा रोड्रिग्स ने भी रन गति बनाए रखने के लिए अपने तेवर दिखाए। उन्होंने 19 गेदों का सामना करते हुए 31 रन जड़े लेकिन ऋचा घोष उनसे भी तेज रहीं।
ऋचा ने तूफानी अंदाज में खेलते हुए 13 गेंदों में ही 26 रनों की पारी खेल डाली। इस तरह भारतीय टीम ने 9 विकेट के नुकसान पर 314 रनों का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया। वेस्टइंडीज के लिए जैदा जेम्स ने सबसे ज्यादा 5 विकेट अपने नाम किये।
जवाब में खेलते हुए वेस्टइंडीज की पारी रेणुका ठाकुर के खिलाफ बिखर गई। दोनों ओपनर मैथ्यूज और जोसेफ अपना खाता खोले बिन चलती बनीं। उनके बाद कुछ और विकेट भी गिरे। एक के बाद एक विकेट गंवाते हुए वेस्टइंडीज की पारी 103 के कुल स्कोर पर समाप्त हो गई।
एफी फ्लेचर ने सबसे ज्यादा 24 रन बनाए। भारत ने अपनी दूसरी सबसे बड़ी वनडे जीत दर्ज की। इससे पहले आयरलैंड को 249 रनों से हराया था। रेणुका ठाकुर ने इस मैच में तूफानी गेंदबाजी करते हुए 29 रन देकर 5 विकेट अपने नाम किये।












Click it and Unblock the Notifications