दो दिग्गजों के बिना टी20 विश्वकप में उतरेगा भारत, डेथ ओवर्स में गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों कमजोर हुई
एशिया कप 2022 से पहले भारत के लिए बुरी खबर सामने आई थी। टीम के स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा चोट के चलते टूर्नामेंट और विश्वकप 2022 से बाहर हो गए थे।
नई दिल्ली, 29 सितंबर: एशिया कप 2022 से पहले भारत के लिए बुरी खबर सामने आई थी। टीम के स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा चोट के चलते टूर्नामेंट और विश्वकप 2022 से बाहर हो गए थे। वहीं चोटिल बुमराह और हर्षल पटेल भी एशिया कप का हिस्सा नहीं थे। दोनों ही तेज गेंदबाजों ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 सीरीज से टीम में वापसी की। लेकिन अब विश्वकप के पहले भारतीय टीम को एक और झटका लगा है। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह भी चोट के कारण टी20 विश्वकप से बाहर हो गए हैं। ऐसे में भारतीय टीम अब ऑस्ट्रेलिया में होने वाले इस मेगा इवेंट में अपने दो दिग्गज खिलाड़ियों के बिना उतरेगी।

डेथ ओवर्स में रनों पर लगाम जरूरी
टी20 विश्वकप से बुमराह का बाहर होना टीम इंडिया के लिए बड़ी क्षति है। एशिया कप 2022 में भी उनकी गैरमौजूदगी टीम के लिए हार का कारण बनी थी। भारत सुपर-4 के पहले दो मुकाबले हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गया था। इन दोनों ही मुकाबलों में डेथ ओवर्स में भारतीय गेंदबाजी हार का कारण बनी थी। पाकिस्तान और श्रीलंका के खिलाफ 19वें ओवर में भुवनेश्वर कुमार काफी महंगे साबित हुए थे। ऐसे में भारत के डेथ ओवर स्पेशलिस्ट का विश्वकप टीम में ना होना रोहित शर्मा की मुश्किलें बढ़ा सकता है।

तेज गेंदबाजों को मदद
ऑस्ट्रेलिया की पिच तेज गेंदबाजों के लिए मददगार होगी। विश्वकप 2022 के लिए भारतीय स्क्वॉड में 4 तेज गेंदबाजों को शामिल किया गया था। इसके अलावा शानदार लय में चल रहे हार्दिक पांड्या भी लगातार 4 ओवर गेंदबाजी कर रहे हैं। लेकिन बुमराह के बाहर होने से भारत के डेथ ओवर्स गेंदबाजी कमजोर हुई है। हर्षल पटेल और भुवनेश्वर कुमार अंतिम ओवर्स में महंगे साबित हो रहे हैं। टी20 विश्वकप के लिए रिजर्व खिलाड़ियों की लिस्ट में शुमार दीपक चाहर या फिर मोहम्मद शमी से कोई एक गेंदबाज बुमराह की जगह ले सकता है। हालांकि बीसीसीआई का इस पर कोई ऑफिशियल बयान नहीं आया है। इसके अलावा आवेश खान और मोहम्मद सिराज भी टीम के लिए अच्छा विकल्प हो सकते हैं।

टी20 विश्वकप के लिए भारतीय टीम
रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, दीपक हुड्डा, ऋषभ पंत (विकेट कीपर), दिनेश कार्तिक (विकेट कीपर), हार्दिक पांड्या, युजवेंद चहल, भुवनेश्वर कुमार, अर्शदीप सिंह, अक्षर पटेल, हर्षल पटेल, आर आश्विन। रिजर्व खिलाड़ी: दीपक चाहर, मोहम्मद शमी, श्रेयस अय्यर, रवि विश्नोई।












Click it and Unblock the Notifications