इंडिया के लिए पनौती है 19वां ओवर, पिछले 6 मैचों में बने हैं 110 रन, एशिया कप से भी इसलिए बाहर हुए
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच इन दिनों 3 टी20 मैचों की सीरीज खेली जा रही है। भारत ने पहले दो टी20 जीतकर सीरीज अपने नाम कर ली है।
नई दिल्ली, 3 अक्टूबर: भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच इन दिनों 3 टी20 मैचों की सीरीज खेली जा रही है। भारत ने पहले दो टी20 जीतकर सीरीज अपने नाम कर ली है। सीरीज का आखिरी मुकाबला 4 अक्टूबर को इंदौर में खेला जाएगा। भले ही भारत ने सीरीज अपने नाम कर ली हो लेकिन डेथ ओवर्स और खासकर 19वां ओवर अभी भी टीम के लिए पनौती बना हुआ है। रविवार को गुवाहाटी में खेले गए दूसरे टी20 में 19वें ओवर में अर्शदीप सिंह ने 26 रन लुटाए। पिछले 7 में से 6 मुकाबलों के 19वें ओवर में इंडियन बॉलर्स ने 110 रन खर्च किए हैं।

पहले टी20 में बने थे 106 रन
दक्षिण अफ्रीका ने दूसरे टी20 के आखिरी 5 ओवर में 78 रन बनाए। आखिरी ओवर में टीम को जीत के लिए 37 रनों की दरकार थी। हालांकि टारगेट बड़ा होने के कारण अंत में जीत भारत की ही हुई। लेकिन अगर भारत बल्लेबाजों ने 15-20 रन कम बनाए होते तो मेहमान टीम की जीत पक्की थी। शानदार शुरुआत और फिर सूर्यकुमार यादव की शानदार पारी की बदौलत भारत ने दूसरे टी20 में 237 रन का बड़ा स्कोर बनाया था। हालांकि इसके बाद भी मेजबान टीम को सिर्फ 16 रन से जीत हासिल हुई। पहले टी20 में दक्षिण अफ्रीका ने मात्र 106 रन बनाए थे। लेकिन इस मैच के 19वें ओवर में भी अफ्रीकी बल्लेबाजों ने अर्शदीप के खिलाफ 17 रन बना दिए थे। हालांकि भारत ने 8 विकेट से मैच को जीता था।
Recommended Video

बुमराह ने दिए थे 18 रन
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज से पहले भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 सीरीज खेली थी। भारत ने यह सीरीज 2-1 से अपने नाम की थी। पहला टी20 ऑस्ट्रेलिया ने 4 विकेट से जीता था तो वहीं भारत ने दूसरा और तीसरा टी20 6 विकेट से जीता था। पहले मैच में भारत की हार का कारण डेथ ओवर्स की गेंदबाजी ही थी। इस मैच के 19वें ओवर में भुवनेश्वर कुमार ने 16 रन दिए थे। दूसरा टी20 सिर्फ 8-8 ओवर का ही खेला गया था। तीसरे टी20 के 19वें ओवर में जसप्रीत बुमराह ने 18 रन खर्च किए थे। वह चोट के बाद वापसी कर रहे थे।

भुवी ने दिए थे 19 रन
इससे पहले एशिया कप 2022 में भी भारत के बाहर होने का कारण 19वां ओवर ही था। भारत सुपर-4 के अपने पहले मुकाबले हार गया था। पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में भुवनेश्वर कुमार ने 19वें ओवर में 19 रन दे दिए थे। इसके बाद श्रीलंका के खिलाफ दूसरे मैच में भुवी ने 19वें ओवर में 14 रन लुटा दिए थे। अफगानिस्तान के खिलाफ आखिरी मैच में भारत 101 रन से जीता जरूर था, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। इस मैच के 19वें ओवर में अक्षर पटेल ने 5 रन दिए थे।

पिछले 7 मैच में 19वें ओवर में भारतीय गेंदबाजों द्वारा लुटाए रन
- दक्षिण अफ्रीका: दूसरा टी20- 26 रन
- दक्षिण अफ्रीका: पहला टी20- 17 रन
- ऑस्ट्रेलिया: तीसरा टी20- 18 रन
- ऑस्ट्रेलिया: पहला टी20- 16 रन
- एशिया कप: अफगानिस्तान- 5 रन
- एशिया कप: श्रीलंका- 14 रन
- एशिया कप: पाकिस्तान- 19 रन












Click it and Unblock the Notifications