IND W vs WI W: टी-20 वर्ल्ड कप में भारत का जलवा, पाकिस्तान के बाद वेस्टइंडीज को धोया, 6 विकेट से जीता मैच
India W vs West Indies W Highlights T20 World Cup 2023: भारतीय गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन के बाद बल्लेबाजों ने भी टीम के लिए शानदार प्रदर्शन किया और टीम को एक अहम जीत दिला दी।

India W vs West Indies W Highlights T20 World Cup 2023: वेस्टइंडीज के खिलाफ बुधवार को भारतीय महिला टीम ने टी-20 वर्ल्ड कप में दूसरी जीत हासिल की। पाकिस्तान के बाद वेस्टइंडीज को छह विकेट से हराकर भारत ने अपने जीत के सिलसिले को बरकरार रखा है। इंग्लैंड के खिलाफ मुकाबले में हार का सामना करने के बाद वेस्टइंडीज को टूर्नामेंट में एक और हार का सामना करना पड़ा है। भारत के लिए कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 33 रनों की कप्तानी पारी खेली। ऋचा घोष ने टीम के लिए सबसे अधिक नाबाद 44 रनों की पारी खेली।

दीप्ति शर्मा ने रचा इतिहास
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज महिला टीम ने छह विकेट गंवाकर 118 रन बनाए थे। भारत के लिए दीप्ति शर्मा ने चार ओवर में 15 रन देकर सबसे अधिक तीन विकेट लेने का कारनामा किया। दीप्ति शर्मा ने इसके साथ ही एक बड़ा रिकॉर्ड भी अपने नाम जोड़ लिया। वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन विकेट लेते ही दीप्ति भारत के लिए टी-20 में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज बन गईं। बता दें कि टी-20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड वेस्टइंडीज की अनीसा मोहम्मद के नाम है। उन्होंने 125 विकेट लिए हैं।

भारत को मिला था 119 रन का लक्ष्य
भारत को वर्ल्ड कप में अपनी दूसरी जीत हासिल करने के लिए 119 रनों का लक्ष्य मिला था। शेफाली वर्मा ने पहले ही ओवर में तीन चौके लगाकर भारत को तेज शुरुआत दिलाई। भारत ने पहले ही ओवर में 14 रन बना लिए थे। 32 के स्कोर पर भारत को पहला झटका स्मृति मंधाना के रूप में लगा। मंधाना को विकेटकीपर रशादा विलियम्स के हाथों स्टंपिंग कराया। मंधाना सात गेंदों में 10 रन की पारी खेलकर आउट हो गई।

नहीं चला जेमिमा रॉड्रिग्स का बल्ला
पाकिस्तान के खिलाफ शानदार अर्धशतक जड़कर टीम को जीत दिलाने वाली जेमिमा रॉड्रिग्स इस मैच में कुछ खास नहीं कर सकीं। हेली मैथ्यूज ने जेमिमा रॉड्रिग्स को अपनी ही गेंद पर कैच आउट किया। जेमिमा एक रन बनाकर पवेलियन लौट गई। शेफाली 23 गेंदों में 28 रन की पारी खेलकर आउट हुई। भारत को तेज शुरुआत दिलाकर शेफाली ने जीत की तरफ टीम को बढ़ाने का काम किया।

दोनों टीमों में शामिल थे ये खिलाड़ी
वेस्टइंडीज महिला टीम- हेले मैथ्यूज (कप्तान), स्टैफनी टेलर, शेमेन कैंपबेल, शबिका गजनबी, चिनले हेनरी, चेडियन नेशन, अफी फ्लेचर, शामिलिया कोनेल, रशादा विलियम्स (विकेटकीपर), करिश्मा रामहरैक, शकीरा सेलमैन।
भारतीय महिला टीम- स्मृति मंधाना, शैफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, हरमनप्रीत कौर (सी), ऋचा घोष (डब्ल्यू), दीप्ति शर्मा, पूजा वस्त्राकर, देविका वैद्य, राधा यादव, राजेश्वरी गायकवाड़, रेणुका ठाकुर सिंह।












Click it and Unblock the Notifications