IND vs WI: जीत के साथ भारत के नाम हुआ खास रिकॉर्ड, ऐसा करने वाली दूसरी टीम बनी
नई दिल्ली। भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेली जा रही 3 मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मैच कोलकाता के ईडन गार्डन्स के मैदान पर खेला गया जहां पर रोहित शर्मा की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने 8 रन से रोमांचक जीत हासिल कर सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है। रोहित शर्मा के टी20 टीम की नियमित रूप से कमान संभालने के बाद यह लगातार दूसरी टी20 सीरीज की जीत है। अब अगर वो तीसरे मैच में भी जीत हासिल करने में कामयाब रहते हैं तो वो लगातार दूसरी टी20 जबकि अंतर्राष्ट्रीय सीरीज में लगातार तीसरी क्लीन स्वीप अपने नाम करेंगे।

इस जीत के साथ ही भारत ने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट के सबसे छोटे प्रारूप में जीत हासिल करने के सैकड़े को पूरा कर लिया है। भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ जीत के साथ 100 टी20 मैचों की जीत पूरी कर ली है और सभी प्रारूपों में 100 अंतर्राष्ट्रीय जीत हासिल करने वाली दूसरी टीम बन गई हैं। भारत से पहले यह कारनामा पाकिस्तान की टीम कर चुकी है।
और पढ़ें: IND vs SL: श्रीलंका के खिलाफ टी20 टीम का ऐलान, संजू सैमसन की हुई वापसी तो कोहली-पंत को मिला आराम

घरेलू सरजमीं पर ही हासिल की हर प्रारूप की 100वीं जीत
सभी प्रारूपों में ऐसा है भारत का रिकॉर्ड क्रिकेट के इतिहास में भारत अब तक 560 टेस्ट मैच खेल चुका है, जिसमें से उसे 166 मैचों में जीत, 173 मैचों में हार और 220 मैचों में ड्रॉ का सामना करना पड़ा है। इस दौरान एक मैच टाय भी रहा है। वहीं वनडे क्रिकेट की बात करें तो भारत अब तक 1002 मैच खेल चुका है, जिसमें उसे 521 मैचों में जीत, 431 मैचों में हार और 9 मैचों में टाइ का सामना करना पड़ा है। इस दौरान 41 मैच बेनतीजा भी रहे हैं।
क्रिकेट के सबसे छोटे प्रारूप में भारत ने 155 मैचों में शिरकत की है, जिसमें से उसे 100 में जीत और 51 में हार का सामना करना पड़ा है। इस दौरान 4 मैच बेनतीजा भी रहे हैं। इससे पहले वनडे सीरीज के दौरान भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ ही अपना 1000वां मैच भी खेला था और यह कारनामा करने वाली दुनिया की पहली टीम बनी थी। किसी भी देश के लिये उसका 100वां मैच बहुत खास होता है और अगर वो 100वीं जीत हो तो उसके क्या ही कहने। उल्लेखनीय है कि भारत ने हर प्रारूप में अपनी 100वीं जीत घरेलू सरजमीं पर ही हासिल की है, जहां पर उसे अपनी 100वीं टी20 जीत ईडन गार्डन्स पर मिली, तो वहीं पर मोहाली में 100वां वनडे जीतने का कारनामा किया, जबकि कानपुर में उसने अपना 100वां टेस्ट मैच जीता था। आइये एक नजर अन्य प्रारूपों में भारत की 100वीं जीत पर डालें।

मोहाली में भारत ने लगाया था वनडे जीत का शतक
भारत ने क्रिकेट इतिहास का अपना पहला वनडे मैच 1975 विश्वकप के पहले संस्करण में ईस्ट अफ्रीका के खिलाफ जून 11 को खेला था। इसके बाद उसे इस प्रारूप में जीत का शतक पूरा करने के लिये 18 साल लग गये। भारत को वनडे प्रारूप की 100वीं जीत 1993 में सीएबी जुबली टूर्नामेंट के दौरान मिली जो कि हीरो कप के नाम से भी मशहूर है। मोहम्मद अजहरुद्दीन की कप्तानी वाली भारतीय टीम का सामना मोहाली के मैदान पर साउथ अफ्रीका से हुआ, जहां पर विनोद कांबली ने 116 गेंदों में 86 रनों की पारी खेलकर टीम को शर्मनाक स्कोर पर सिमटने से बचाया और भारत ने 221 रनों का स्कोर खड़ा कर दिया।
22 नवंबर 1993 को खेले गये इस मैच में गेंदबाजों ने जबरदस्त प्रदर्शन किया और सलील अंकोला ने 33 रन देकर 3 विकेट हासिल किये। वहीं अन्य 6 गेंदबाजों ने कम से कम एक विकेट लेकर साउथ अफ्रीका को 178/9 रोक दिया और 43 रनों की बड़ी जीत हासिल की।

टेस्ट जीत का शतक लगाने में लगे 75 साल
भारत ने 1932 में क्रिकेट खेलना शुरू किया था लेकिन उसे जीत का शतक पूरा करने के लिये 75 साल लग गये। भारत को टेस्ट प्रारूप में अपनी 100वीं जीत कानपुर के मैदान पर श्रीलंका के खिलाफ मिली। 27 नवंबर 2009 को खेले गये इस मैच में भारतीय टीम एमएस धोनी की कप्तानी में खेलने उतरी, जहां पर उसने श्रीलंका की मजबूत टीम के सामने असंभव को संभव कर दिखाया। भारतीय टीम ने इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए गौतम गंभीर, वीरेंद सहवाग की शतकीय पारियों के दम पर 642 रनों का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया।
वहीं रनों का पीछा करने उतरी श्रीलंका की टीम के लिये पहली पारी में श्रीसंत (5 विकेट 42 रन) कहर बनकर टूटे और टीम को 229 रन पर समेटने में अहम रोल निभाया तो वहीं पर दूसरी पारी में हरभजन सिंह (3 विकेट) की फिरकी में श्रीलंकाई बल्लेबाज 269 रन पर सिमट गये। नतीजन भारतीय टीम ने इस मैच को एक पारी और 144 रनों से जीत लिया।












Click it and Unblock the Notifications