IND vs SL: श्रीलंका के खिलाफ टी20 टीम का ऐलान, संजू सैमसन की हुई वापसी तो कोहली-पंत को मिला आराम
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम की सीनियर चयन समिति ने शनिवार को श्रीलंका के खिलाफ खेली जाने वाली 3 मैचों की पेटीएम टी20 और 2 मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए 18 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। भारतीय टीम को श्रीलंका के खिलाफ 24 फरवरी से 3 मैचों की टी20 सीरीज खेलनी है, जिसका पहला मैच लखनऊ और बचे हुए दो मैच धर्मशाला में खेलना है। वहीं 4 मार्च से शुरू होने वाली टेस्ट सीरीज का पहला मैच मोहाली और 12 मार्च से खेला जाने वाला दूसरा टेस्ट मैच बेंगलुरु में खेला जायेगा।

बेंगलुरू में खेला जाने वाला दूसरा टेस्ट मैच पिंक बॉल से डे नाइट प्रारूप में खेला जायेगा, जो कि भारत की मेजबानी में खेला जाने वाला दूसरा ही डे-नाइट टेस्ट मैच होगा। भारत ने बांग्लादेश के खिलाफ अपना पहला डे नाइट टेस्ट मैच खेला था, जिसमें शतक लगाने के बाद विराट कोहली अभी तक सेंचुरी लगाने में नाकाम रहे हैं।
और पढ़ें: IPL 2022 के लिये कोलकाता ने किया नये कप्तान का ऐलान, सामने आया श्रेयस अय्यर का बयान

श्रीलंका दौरे पर विराट-पंत को दिया आराम
उल्लेखनीय है कि वेस्टइंडीज के खिलाफ खेली जा रही 3 मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मैच जिताने में अहम भूमिका निभाने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत और रन मशीन विराट कोहली को बायोबबल से छुट्टी दी जा चुकी है। इसका मतलब है कि सीरीज के आखिरी मैच में उन्हें शामिल नहीं किया जायेगा और उन्हें क्रिकेट से ब्रेक दिया गया है। चयनकर्ताओं ने इन दो दिग्गजों का यह ब्रेक श्रीलंका के खिलाफ 3 मैचों की टी20 सीरीज में भी जारी रखा है, जहां पर विराट कोहली और ऋषभ पंत को 18 सदस्यीय टीम में शामिल नहीं किया गया है। भारतीय टीम इस सीरीज में ऋतुराज गायकवाड़ को मौका दे सकती है, जिन्हें पिछली दो सीरीज से शामिल तो किया जा रहा है पर प्लेइंग 11 में मौका नहीं मिल पा रहा है। गायकवाड़ ने पिछले साल श्रीलंका दौरे पर ही अपना वनडे और टी20 डेब्यू किया था।

7 महीने बाद सैमसन की होगी वापसी
वहीं ऋषभ पंत की गैरमौजूदगी में विकेटकीपिंग के लिये ईशान किशन और संजू सैमसन को शामिल किया गया है। जहां पर ईशान किशन वेस्टइंडीज सीरीज में भी खेलते हुए नजर आये हैं तो वहीं पर संजू सैमसन करीब 7 महीने बाद टीम में लौट रहे हैं। वह आखिरी बार भारत की बी टीम के साथ श्रीलंका दौरे का हिस्सा बने थे, जहां पर मौकों का फायदा नहीं उठा पाने के बाद उन्हें टीम से ड्रॉप कर दिया गया था। संजू सैमसन ने आईपीएल के दूसरे लेग में अच्छा प्रदर्शन किया लेकिन इसके बावजूद उन्हें टी20 विश्वकप की टीम में जगह नहीं दी सकी। वहीं गेंदबाजी में चयनकर्ताओं ने वेस्टइंडीज के खिलाफ खेल रही टीम पर ही भरोसा दिखाया है तो लंबे समय से चोटिल चल रहे रविंद्र जडेजा की टीम में वापसी हुई है।

जानें कैसी है भारत की टी20 टीम
श्रीलंका के खिलाफ भारत की 20 टीम- रोहित शर्मा (कप्तान), रुतुराज गायकवाड़, श्रेयस अय्यर, सूर्य कुमार यादव, संजू सैमसन, ईशान किशन (विकेटकीपर), वेंकटेश अय्यर, दीपक चाहर, दीपक हुड्डा, आर जडेजा, वाई चहल, आर बिश्नोई, कुलदीप यादव, मोहम्मद . सिराज, भुवनेश्वर कुमार, हर्षल पटेल, जसप्रीत बुमराह (वीसी), अवेश खान।












Click it and Unblock the Notifications