भारत-वेस्टइंडीज के ऊपर चला ICC का चाबुक, टीम इंडिया को पड़ी डबल मार, किस गलती की मिली सजा?
भारत और वेस्टइंडीज के बीच मुल्लांपुर में खेला गया तीसरा और आखिरी वनडे खत्म होने के बाद दोनों टीमों पर आईसीसी का चाबुक चला है। सबसे ख़ास बात तो यह है कि टीम इंडिया के ऊपर आईसीसी ने ज्यादा सजा की घोषणा की है, जिसके पीछे कारण भी है।
दरअसल दोनों टीमों के ऊपर धीमी ओवर गति के लिए जुर्माना लगाया गया है। हालांकि भारत पर वेस्टइंडीज के मुकाबले दोगुना जुर्माना लगा। इससे यह समझ में आता है कि टीम इंडिया ने उस मुकाबले में किस तरह बेहद धीमी गति से गेंदबाजी की।

क्यों टीम इंडिया पर डबल मार?
भारतीय टीम की मैच फीस का 20 फीसदी, जबकि वेस्टइंडीज के खिलाड़ियों की मैच फीस का 10 फीसदी काटा गया है। समय की अनुमति और अन्य तय छूट को ध्यान में रखने के बाद दोनों टीमों के खिलाफ कार्रवाई की गई। यह जुर्माना आईसीसी कोड ऑफ़ कंडक्ट के आर्टिकल 2.22 के तहत लगाया गया है।
इस नियम के मुताबिक निर्धारित समय में जितने ओवर कम कराए जाते हैं, टीम के खिलाड़ियों पर प्रति ओवर मैच फीस का 5 फीसदी जुर्माना लगाया जाता है। यानी भारत के चार ओवर कम रहने पर 20 फीसदी जुर्माना लगा। वहीं वेस्टइंडीज के दो ओवर कम रहने के कारण उसके खिलाड़ियों पर 10 प्रतिशत की कार्रवाई हुई।
मैच रेफरी प्रकाश भट्ट ने यह कार्रवाई की। मैदान पर मौजूद अंपायर जयरामन मदनगोपाल और सैम नोगाज्स्की, तीसरे अंपायर शरफुद्दौला और चौथे अंपायर वीरेंद्र शर्मा ने धीमी ओवर गति के आरोप लगाए थे। भारत के कप्तान शुभमन गिल और वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप ने इन आरोपों और सजा को स्वीकार कर लिया। इसलिए मामले में औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी।
मैदान पर लगी थी फील्डिंग की पाबंदियां
मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 50 ओवर में 351 रन बनाए थे। इसके बाद वेस्टइंडीज ने 352 रन के लक्ष्य को 48.2 ओवर में हासिल कर लिया। जीत के बावजूद वेस्टइंडीज की टीम तय समय के मुताबिक अपने पूरे 50 ओवर करने में दो ओवर पीछे रही थी। भारतीय टीम के ऊपर मैदान पर फील्डिंग की पाबंदियां भी लग गई थी, धीमी ओवर रेट के कारण फील्डरों को 30 गज के दायरे में लाने का भी नियम है, 4 फील्डर की सीमा रेखा पर रह सकते हैं।


Click it and Unblock the Notifications
