IND vs SL: आखिरी 5 ओवर में 68 रन ठोंक श्रीलंका ने की वापसी, शनाका ने फिर बचायी लाज
नई दिल्ली। भारत और श्रीलंका के बीच खेली जा रही 3 मैचों की टी20 सीरीज का आखिरी मैच धर्मशाला के मैदान पर खेला जा रहा है, जहां पर श्रीलंका की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। हालांकि श्रीलंकाई टीम के लिये कप्तान दशुन शनाका का यह फैसला कुछ खास साबित नहीं हुआ और उसने महज 29 रन के स्कोर पर अपने 4 विकेट खो दिये। भारतीय टीम सीरीज को पहले ही अपने नाम कर चुकी है और इसी वजह से उसने सीरीज के आखिरी मैच में अपने पूरे गेंदबाजी लाइन अप को बदल दिया।

भारतीय टीम सीरीज के आखिरी मैच में 4 बदलाव के साथ उतरी, जिसमें उसने आवेश खान, मोहम्मद सिराज, कुलदीप यादव और रवि बिश्नोई को मौका दिया जिसका फायदा उसे भरपूर मिला। भारतीय टीम ने आवेश खान और मोहम्मद सिराज के दम पर पावरप्ले में सिर्फ 18 रन दिये और 3 विकेट हासिल कर लिये, वहीं जब पावरप्ले के बाद रवि बिश्नोई गेंदबाजी करने आये तो उन्होंने जनिथ लियांगे को बोल्ड कर चौथी सफलता दिलायी।
श्रीलंका की टीम ने महज 29 रन पर अपने 4 विकेट खो दिये थे जिसके बाद ऐसा लग रहा था कि श्रीलंका की टीम के लिये 100 रन के स्कोर को पार कर पाना भी काफी मुश्किल रहने वाला है। हालांकि उसके कप्तान दशुन शनाका ने एक बार फिर से टीम को संभालते हुए लाज बचाने का काम किया। शनाका (74) ने पहले चंडीमल (25) के साथ पांचवे विकेट के लिये 32 रनों की साझेदारी की तो वहीं पर छठे विकेट के लिये करुणारत्ने (12) के साथ नाबाद 86 रनों की साझेदारी कर टीम के स्कोर को 146 पर पहुंचा दिया।
श्रीलंका की टीम ने शुरुआत में जल्दी विकेट खो दिये थे, जिसकी वजह से वो 15 ओवर्स में सिर्फ 78 रन ही बना सकी थी, लेकिन आखिरी के 5 ओवर्स में दशुन शनाका ने तेजी से रन बनाना शुरू किया और 5 ओवर्स में 68 रन जोड़कर टीम को 146 के स्कोर पर पहुंचा दिया। दशुन शनाका ने अपनी पारी में 38 गेंदों का सामना कर 9 चौके और 2 छक्कों की मदद से नाबाद 74 रनों की पारी खेली।
और पढ़ें: IND vs SL: आखिरी टी20 में 4 बदलावों के साथ उतरा भारत, चोट की वजह से बाहर हुए ईशान किशन
श्रीलंका के लिये यह लगातार दूसरा मैच है जिसमें शनाका ताबड़तोड़ पारी खेलकर टीम को एक सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने का काम किया। अगर श्रीलंका के कुल स्कोर से शनाका की पारी को हटा दें तो वो 100 के आंकड़े को भी पार करती नजर नहीं आ रही है।












Click it and Unblock the Notifications