IPL 2022 के लिये कोलकाता ने किया नये कप्तान का ऐलान, सामने आया श्रेयस अय्यर का बयान
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन में 8 के बजाय 10 टीमें भिड़ती नजर आयेंगी, जिसको लेकर हाल ही में बोर्ड ने खिलाड़ियों की नीलामी का आयोजन किया था। नीलामी के दौरान कुछ टीमें अगले सीजन के लिये नये कप्तान की तलाश कर रही थी जिसमें एक नाम शाहरुख खान के मालिकाना हक वाली कोलकाता नाइट राइडर्स का भी है, जिसने पिछले सीजन फाइनल में पहुंचाने वाले इंग्लिश कप्तान इयोन मोर्गन को इस साल नीलामी से पहले रिलीज कर दिया था। इसके बाद से ही कोलकाता नाइट राइडर्स को अपने नये कप्तान की तलाश थी।

कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम ने इसी बात का ध्यान रखते हुए भारतीय क्रिकेट टीम के मध्यक्रम बल्लेबाज और दिल्ली कैपिटल्स के पूर्व कप्तान श्रेयस अय्यर पर दांव लगाया और 12.25 करोड़ रुपये देकर अपने खेमे में शामिल कर लिया। श्रेयस अय्यर को टीम में शामिल किये जाने के बाद से ही ऐसी अटकलें लगाई जा रही थी कि यह भारतीय खिलाड़ी केकेआर की कमान संभाल सकता है, लेकिन बुधवार को कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम ने आधिकारिक रूप से इसका ऐलान करते हुए बता दिया कि श्रेयस अय्यर केकेआर की कमान संभालने वाले छठे खिलाड़ी बन गये हैं।
और पढ़ें: बप्पी लाहिरी के निधन पर भावुक हुए सचिन, बताया उनके किस गाने को सुनते थे ड्रेसिंग रूम में

जानें क्या बोले श्रेयस अय्यर
श्रेयस अय्यर से पहले इयोन मोर्गन, दिनेश कार्तिक, गौतम गंभीर, सौरव गांगुली और ब्रैंडन मैक्कलम केकेआर की कमान संभाल चुके हैं। इस दौरान सिर्फ गौतम गंभीर ही ऐसे कप्तान रहें जिन्होंने कोलकाता की टीम को एक नहीं बल्कि दो बार खिताब जिताया है, जबकि इयोन मोर्गन की कप्तानी में केकेआर की टीम फाइनल तक का सफर तय कर सकी थी।
केकआर का कप्तान बनाये जाने की बात पर अय्यर ने कहा,' मैं खुद को काफी सम्मानित महसूस कर रहा हूं कि मुझे केकेआर जैसे टीम का नेतृत्व करने का मौका मिल रहा है। आईपीएल में एक टूर्नामेंट के रूप में आपको काफी चुनौती मिलती है, खासतौर से जब दुनिया के बेस्ट खिलाड़ी औक साथ मिलकर खेलते हैं। मैं कई सारे टैलेंटेंड इंडिविजुअल्स के ग्रुप का नेतृत्व करने को लेकर उत्साहित हूं।'

अय्यर की कप्तानी ने सभी को किया है प्रभावित
श्रेयस अय्यर को टीम का कप्तान बनाने की खबर का ऐलान करते हुए केकेआर के सीईओ और एमडी वेंकी मैसूर ने कहा,'हमें इस बात का ऐलान करते हुए काफी खुशी हो रही है कि आईपीएल ऑक्शन के दौरान पहले तो हम श्रेयस अय्यर को हासिल करने में सफल रहे और अब उन्हें टीम का नेतृत्व करने का मौका दिया जा रहा है। अय्यर ने अपनी बल्लेबाजी और कप्तानी से सभी को प्रभावित किया है और हमें यकीन है कि उनकी लीडरशिप में टीम काफी अच्छा करेगी।'

अय्यर के फैन रहे हैं ब्रैंडन मैक्कलम
वहीं टीम के पहले कप्तान और मौजूदा समय में हेड कोच की भूमिका निभा रहे ब्रैंडन मैक्कलम ने कहा,'मैं भारत के आगामी कप्तान के सबसे प्रबल दावेदार श्रेयस अय्यर के साथ काम करने को लेकर काफी उत्सुक हूं, जो कि केकेआर को आगे बढ़ायेंगे। मैंने श्रेयस की कप्तानी और उनके खेल का लंबे समय तक दूर से लुत्फ उठाया है और अब उनके साथ करीब से काम करने को बेताब हूं। उनके साथ टीम आगे बढ़ते हुए नजर आ रही है और हम केकेआर के अंदाज में खेलते हुए नजर आयेंगे जिसके लिये हम जाने जाते हैं।'












Click it and Unblock the Notifications