IND vs SL: धर्मशाला में उतरते ही रोहित शर्मा ने तोड़ा शोएब मलिक का रिकॉर्ड, श्रीलंका के नाम हुआ शर्मनाक आंकड़ा
नई दिल्ली। भारत और श्रीलंका के बीच खेली जा रही 3 मैचों की टी20 सीरीज का आखिरी मैच धर्मशाला के मैदान पर खेला जा रहा है, जहां पर श्रीलंकाई कप्तान दशुन शनाका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है। भारतीय टीम ने इस सीरीज के पहले दो मैचों में जीत हासिल कर 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है और घरेलू सरजमीं पर लगातार 7वीं सीरीज में जीत हासिल की है, ऐसे में रोहित शर्मा की कप्तानी वाली भारतीय टीम सीरीज के आखिरी मैच में जीत के साथ एक और क्लीन स्वीप अपने नाम करना चाहेगी।

भारतीय टीम ने सीरीज के पहले मैच में 62 रनों की जीत हासिल की थी, तो वहीं पर दूसरे मैच में उसने 7 विकेट से जीत हासिल की। ऐसे में जब सीरीज के आखिरी मैच में भारतीय टीम उतरी तो कप्तान रोहित शर्मा ने 4 बदलावों के साथ मैदान पर कदम रखा है। धर्मशाला के मैदान पर भारतीय टीम इतिहास रचने की ओर देख रही है लेकिन इस मैच में कप्तानी कर रहे रोहित शर्मा ने मैदान पर कदम रखते ही एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।
और पढ़ें: IND vs SL: आखिरी टी20 में 4 बदलावों के साथ उतरा भारत, चोट की वजह से बाहर हुए ईशान किशन

सबसे ज्यादा टी20 मैच खेलने वाले खिलाड़ी बने रोहित
धर्मशाला के मैदान पर उतरने के साथ ही रोहित शर्मा सबसे ज्यादा अंतर्राष्ट्रीय टी20 क्रिकेट खेलने वाले खिलाड़ी बन गये हैं। रोहित शर्मा भारत के लिये 100 टी20 मैच खेलने वाले इकलौते खिलाड़ी हैं लेकिन इस मैच में सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले प्लेयर का विश्व रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है। रोहित शर्मा अब तक भारत के लिये 125 मैच खेल चुके हैं। उन्होंने इस मामले में पाकिस्तान के शोएब मलिक (124) का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। इस फेहरिस्त में पाकिस्तान के मोहम्मद हाफिज (119), इंग्लैंड के इयोन मोर्गन (115) और बांग्लादेश के महमदुल्लाह (113) का नाम भी शामिल है। वहीं भारतीय खिलाड़ियों की बात करें तो रोहित शर्मा (125) के बाद एमएस धोनी (98, रिटायर्ड) और विराट कोहली (97 मैच) का नाम भी शामिल है।

श्रीलंका के नाम हुआ पावरप्ले का शर्मनाक रिकॉर्ड
वहीं पहले बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंका की टीम की शुरुआत बेहद खराब रही और उसने पहले ही ओवर में अपने सलामी बल्लेबाज दनुष्का गुणथालिका का विकेट खो दिया। मोहम्मद सिराज ने पहले ही ओवर में गुणथालिका को बोल्ड कर टीम को पहली सफलता दिलायी, तो वहीं पर आवेश खान ने दूसरे ओवर में पथुम निशंका को आउट कर अपने अंतर्राष्ट्रीय करियर का पहला विकेट हासिल किया। आवेश खान ने अपने अगले ओवर में चरिथ असलंका को भी कैच कराकर अपना दूसरा और टीम का तीसरा विकेट झटका। इसकी वजह से श्रीलंका की टीम ने पावरप्ले में महज 18 रन बनाकर अपने 3 विकेट खो दिये और टी20 क्रिकेट इतिहास में पावरप्ले का अपना सबसे न्यूनतम स्कोर का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।

4 बदलावों के साथ उतरी है भारतीय टीम
गौरतलब है कि भारतीय टीम इस मैच में 4 बदलाव के साथ उतरी है, जहां पर उसे ईशान किशन को चोट की वजह से बाहर बिठाना पड़ा, तो वहीं पर उसने अपने गेंदबाजों को आराम देने का फैसला किया। रोहित शर्मा ने युजवेंद्र चहल, जसप्रीत बुमराह और भुवनेश्वर कुमार को आराम दिया है तो वहीं पर टीम में आवेश खान, मोहम्मद सिराज, रवि बिश्नोई और कुलदीप यादव को वापसी करने का मौका दिया है।












Click it and Unblock the Notifications