IND vs SL: ऐतिहासिक जीत के साथ रोहित ने किया कप्तानी का आगाज, श्रीलंका को पारी और 222 रन से हराया
नई दिल्ली। भारत और श्रीलंका के बीच खेली जा रही 2 मैचों की टेस्ट सीरीज के साथ ही भारतीय टीम के नये कप्तान रोहित शर्मा ने पहली बार टेस्ट प्रारूप की कमान संभाली और मोहाली के मैदान पर खेले गये इस मैच में ऐतिहासिक जीत हासिल कर अपने कप्तानी करियर की जबरदस्त शुरुआत की है। भारतीय टीम ने मोहाली के मैदान पर खेले गये पहले मैच में श्रीलंका की टीम को 4 सेशन के अंदर दो बार ऑल आउट कर एक पारी और 222 रनों के अंतर से हरा दिया और 2 मैचों की सीरीज में 1-0 की अजेय बढ़त बना ली है।

मोहाली के मैदान पर खेले गये इस मैच में विराट कोहली ने अपने टेस्ट करियर का 100वां मैच खेला, तो वहीं पर रोहित शर्मा भारत के लिये टेस्ट प्रारूप में पहली बार कप्तानी करते नजर आये। भारतीय टीम के लिये इस मैच में हरफनमौला खिलाड़ी रविंद्र जडेजा ने सबसे शानदार प्रदर्शन किया और पहले बल्ले से धमाल मचाते हुए नाबाद 175 रनों की पारी खेली तो वहीं पर गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट हॉल समेत कुल 9 विकेट चटकाने का काम किया।
और पढ़ें: IND vs PAK: मिताली सेना ने पाकिस्तान को हराकर रचा इतिहास, जीत के बाद जानें क्या बोली कप्तान

अश्विन-जडेजा ने झटके 15 विकेट
अपने इस प्रदर्शन के चलते रविंद्र जडेजा ने श्रीलंका की टीम के खिलाफ तीसरे दिन ही भारतीय टीम को जीत दिला दी और एक मैच में 150 से ज्यादा रन एवं 10 विकेट चटकाने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बनने की कगार पर थे, हालांकि अश्विन ने पारी का आखिरी विकेट हासिल कर उन्हें इस कारनामे तक पहुंचने से रोक दिया। वहीं उनके साथी खिलाड़ी रविचंद्रन अश्विन ने भी बल्लेबाजी में (61) अर्धशतकीय पारी खेली तो वहीं पर गेंदबाजी में भी कुल 6 विकेट (पहली पारी में 2 विकेट, दूसरी पारी में 4 विकेट) अपने नाम किये। तेज गेंदबाजों की बात करें तो वो इस मैच में सिर्फ 5 विकेट ही अपने नाम कर सके। जहां जसप्रीत बुमराह ने पहली पारी में 2 विकेट अपने नाम किये तो वहीं पर दूसरी पारी में एक भी विकेट नहीं आया। वहीं मोहम्मद शमी ने पहली पारी में और दूसरी पारी में 2 विकेट हासिल कर कुल 3 विकेट अपने नाम किये।

भारतीय बल्लेबाजों ने खड़ा किया विशाल स्कोर
भारतीय टीम ने इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट खोकर 574 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया और पारी को घोषित कर दिया। भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और रोहित शर्मा (33) और मयंक अग्रवाल (29) ने अर्धशतकीय साझेदारी की लेकिन श्रीलंकाई गेंदबाजों ने वापसी करते हुए दोनों बल्लेबाजों को 80 रन के स्कोर तक वापस पवेलियन भेज दिया। यहां पर विराट कोहली (45) और हनुमा विहारी (58) ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 90 रनों की साझेदारी की लेकिन श्रीलंकाई गेंदबाजों ने फिर वापसी करते हुए दोनों का विकेट हासिल कर लिया। यहां से भारत के लिये ऋषभ पंत (96), रविंद्र जडेजा (175*), रविचंद्रन अश्विन (61) ने शानदार पारी खेलकर भारतीय टीम के स्कोर को 574 रन पर पहुंचा दिया।

तीसरे दिन भारतीय बॉलर्स ने झटके 16 विकेट
जवाब में श्रीलंका की टीम ने शुरुआत तो ठीक ठाक की थी लेकिन भारतीय स्पिनर्स के सामने अपनी लय को बरकरार रखने में नाकाम रही। दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक श्रीलंका की टीम ने 4 विकेट खोकर सिर्फ 108 रन जोड़े थे, लेकिन तीसरे दिन जब वापसी की तो उस खाते में सिर्फ 66 रन ही जोड़ सकी और 174 रन पर ऑल आउट हो गई। रोहित शर्मा ने इसके बाद श्रीलंका की टीम को फॉलो ऑन खेलने के लिये बुलाया और अगले दो सेशन में श्रीलंका को फिर से 178 रनों पर ऑल आउट कर दिया। भारतीय गेंदबाजों ने तीसरे दिन 16 विकेट चटकाये और श्रीलंका की टीम को 222 रन और एक पारी के अंतर से हराया।












Click it and Unblock the Notifications