IND vs PAK: मिताली सेना ने पाकिस्तान को हराकर रचा इतिहास, जीत के बाद जानें क्या बोली कप्तान
नई दिल्ली। न्यूजीलैंड की मेजबानी में खेले जा रहे महिला विश्वकप 2022 में हिस्सा लेने पहुंची भारत की महिला टीम ने रविवार से अपने कैंंपेन का आगाज कर दिया है। टूर्नामेंट का चौथा मैच भारत और पाकिस्तान की महिला टीमों के बीच खेला गया, जिसमें मिताली राज की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने 110 रन की जीत हासिल की है और पाकिस्तान के खिलाफ टीम के अजेय रहने के रिकॉर्ड को बरकरार रखा है।

बे ओवल के मैदान पर खेले गये इस मैच में मिताली राज की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और स्मृति मंधाना (52), स्नेह राणा (53), पूजा वस्त्राकार (67) के अर्धशतक और दीप्ति शर्मा (40) की अहम पारियों के दम पर 7 विकेट खोकर 244 रनों का स्कोर खड़ा किया। जिसके जवाब में पाकिस्तान की महिला टीम 137 रन ही बना सकी और 107 रनों से मैच हार गई।
और पढ़ें: IND vs SL: मोहाली टेस्ट में नो बॉल ने बढ़ाई भारत की मुश्किलें, बोल्ड होने पर भी आउट नहीं हुए निशंका

भारत ने पाकिस्तान को 11वीं बार हराया
मिताली राज की कप्तानी वाली भारतीय महिला टीम ने विश्वकप में पाकिस्तान के खिलाफ चौथी बार जीत हासिल की है। उल्लेखनीय है कि दोनों टीमों के बीच अब तक विश्वकप में 4 बार भिड़ंत हो चुकी है, जिसमें हर बार भारतीय टीम का पलड़ा भारी रहा है और उसने जीत हासिल की है। इतना ही नहीं ओवरऑल मामले में भी पाकिस्तान की महिला टीम भारत को कभी हरा पाने में कामयाब नहीं हो सकी है। भारतीय टीम के लिये यह पाकिस्तान के खिलाफ उसकी 11वीं जीत है। भारतीय महिला टीम ने पाकिस्तान को विश्वकप में 4 बार, एशिया कप में 6 बार और आईसीसी विश्वकप के क्वालिफायर में एक बार हराने का कारनामा किया है।

मिताली राज ने की सचिन तेंदुलकर के रिकॉर्ड की बराबरी
उल्लेखनीय है कि मिताली राज ने पाकिस्तान के खिलाफ मैदान पर उतरते ही क्रिकेट के भगवान सचिन तेंदुलकर के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। वह सचिन तेंदुलकर के बाद 6 अलग-अलग विश्वकप खेलने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बन गई हैं। मिताली राज ने साल 2000 में अपना पहला विश्वकप खेला था, जिसके बाद वो 2005, 2009, 2013, 2017 और 2022 में टूर्नामेंट का हिस्सा बने थे। मिताली राज ने इस रिकॉर्ड के लिये पूर्व न्यूजीलैंड क्रिकेटर डेबी हॉकले और इंग्लैंड की शारलेट एडवर्डस को पीछे छोड़ दिया है। इस फेहरिस्त में झूलन गोस्वामी 5 विश्वकप के साथ दूसरे पायदान पर काबिज हैं। मिताली से पहले यह कारनामा सिर्फ सचिन तेंदुलकर ने ही किया था जो कि 1992, 1996, 1999, 2003, 2007 और 2011 विश्वकप का हिस्सा बने थे।

जीत के बाद जानें क्या बोली मिताली राज
पाकिस्तान के खिलाफ जीत हासिल करने के बाद भारतीय कप्तान मिताली राज ने विश्वकप अभियान की शुरुआत जीत के साथ करने पर खुशी जताई है। मैच जीतने के बाद उन्होंने कहा,'मैं खुश हूं कि हमें पहले मैच में जीत हासिल हुई है लेकिन हमें अभी कई पहलुओं पर करना होगा। यह जीत अच्छी है लेकिन हमारा कई कमियों पर काम करना बाकी है। जब आप मध्यक्रम में विकेट खोते चले जाते हैं तो निचले क्रम पर काफी दबाव बनता चला जाता है। ऐसे बड़े टूर्नामेंट में टॉप ऑर्डर को भी रन बनाने की जरूरत है। जब आपके पास स्नेह राणा, दीप्ति शर्मा और पूजा वस्त्राकार जैसे ऑलराउंडर्स हों तो हमारी बल्लेबाजी में गहरायी आ जाती है। उम्मीद है कि पूजा अगले मैच से पहले ठीक होकर वापसी कर सकें।'












Click it and Unblock the Notifications