थर्ड अंपायर ने दिया था आउट पर शाकिब ने वापस बुला जीता दिल, अफगानिस्तान को हराया
नई दिल्ली। बांग्लादेश और अफगानिस्तान के बीच खेली जा रही 3 मैचों की वनडे सीरीज में तमीम इकबाल की कप्तानी वाली बांग्लादेश की टीम ने लगातार दूसरे मैच में जीत हासिल कर सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है। बांग्लादेश की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए इस मैच में लिटन दास (136) और मुशफिकुर रहीम (86) की पारियों के दम पर निर्धारित 50 ओवर्स में 4 विकेट खोकर 306 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में अफगानिस्तान की टीम 45.1 ओवर्स में 218 रन बनाकर ऑल आउट हो गई और 88 रनों से मैच हार गई। बांग्लादेश की टीम ने सीरीज के पहले मैच में भी 4 विकेट से जीत हासिल की थी।

इस जीत के साथ ही बांग्लादेश की टीम ने सीरीज में अजेय बढ़त हासिल कर ली है। इस मैच में बांग्लादेश की शानदार बल्लेबाजी और गेंदबाजी का नजारा तो देखने को ही मिला लेकिन मैच के दौरान खेल भावना की एक ऐसी घटना भी देखने को मिली जिसने दुनिया भर के फैन्स का दिल जीत लिया और अब सभी इस टीम की तारीफ करते नजर आ रहे हैं।
और पढ़ें: IND vs SL: टेस्ट सीरीज के लिये श्रीलंका ने किया टीम का ऐलान, करुणारत्ने संभालेंगे कमान

थर्ड अंपायर ने भी रहमत शाह को दिया था आउट
उल्लेखनीय है कि यह घटना दूसरी पारी के 17वें ओवर की है जब अफगानिस्तान की टीम 307 रनों का पीछा करने के लिये खेल रही थी। अफगानिस्तान की टीम ने महज 34 रन पर अपने 3 विकेट खो दिये थे और वापसी के लिये रहमत शाह (52) और नजीबुल्लाह जादरान (54) साझेदारी करने की कोशिश कर रहे थे। इस बीच 17वें ओवर में शाकिब अल हसन गेंदबाजी करने आये, जिनकी तीसरी गेंद पर नजीबुल्लाह ने सामने की तरफ शॉट मारा और गेंद सीधा नॉनस्ट्राइकर विकेट पर जाकर लगी।
नॉनस्ट्राइकर एंड पर खड़े रहमत शाह क्रीज से बाहर निकले हुए थे, अंपायर ने थर्ड अंपायर को निर्णय लेने की अपील की और थर्ड अंपायर ने रहमत शाह को आउट भी करार दिया। हालांकि शाकिब इस फैसले से सहमत नजर नहीं आये और कप्तान तमीम इकबाल से बात कर आउट की अपील को वापस ले लिया।

शाकिब ने दोबारा खेलने के लिये वापस बुलाया
जिस वक्त यह घटना हुई उस वक्त रहमत शाह 49 गेंदों का सामना कर 36 रन बना चुके थे, लेकिन शाकिब अल हसन ने कप्तान से बात कर समझाया कि उन्हें यकीन नहीं है कि गेंद उनके हाथ में लगकर गई है। इसे देखते हुए टीम ने क्रीज छोड़कर पवेलियन लौट रहे रहमत शाह को वापस बुलाया और अपनी आउट की अपील वापस ले ली। शाकिब अल हसन की ओर से खेल भावना के तहत लिये गये इस फैसले की जमकर तारीफ हो रही है। वहीं पर रहमत शाह ने भी इस जीवनदान का फायदा उठाते हुए अपना अर्धशतक पूरा किया और जादरान के साथ चौथे विकेट के लिये 89 रनों की साझेदारी की। वह 52 रनों की पारी खेलकर तस्कीन अहमद की गेंद पर बोल्ड होकर वापस लौटे।

ताश के पत्तों की तरह बिखरे अफगानी बल्लेबाज
गौरतलब है कि रहमत शाह के आउट होने के बाद नजीब जादरान भी अपना अर्धशतक पूरा कर तस्कीन अहमद का ही शिकार बने। इसके बाद अफगानिस्तान की टीम का कोई भी खिलाड़ी ज्यादा रन बनाने में कामयाब नहीं हो सका। मोहम्मद नबी (32) और राशिद खान (29) की जुझारू पारियों के चलते अफगानिस्तान की टीम 200 के आंकड़े को पार करने में कामयाब जरूर हुई लेकिन लक्ष्य से कोसों दूर रह गई। सीरीज का आखिरी मैच सोमवार 28 फरवरी को खेला जायेगा।












Click it and Unblock the Notifications