IND vs SL: बदल गया है भारत-श्रीलंका सीरीज का शेड्यूल, बेंगलुरु में खेला जायेगा पिंक बॉल टेस्ट

नई दिल्ली। वेस्टइंडीज के खिलाफ सीमित ओवर्स प्रारूप की सीरीज की मेजबानी करने के बाद भारतीय क्रिकेट टीम को 2 मैचों की टेस्ट और 3 मैचों की टी20 सीरीज के लिये श्रीलंका की क्रिकेट टीम का स्वागत करना है। भारत और श्रीलंका के बीच खेली जाने वाली इस द्विपक्षीय सीरीज के लिये पहले ही एक प्रस्तावित शेड्यूल जारी किया जा चुका है जिसके तहत सीरीज का आगाज 2 मैचों की टेस्ट सीरीज से किया जायेगा जबकि 3 टी20 मैचों की सीरीज के साथ ही दौरे को समाप्त किया जायेगा। हालांकि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने सीरीज में बदलाव करने के लिये बीसीसीआई से अपील की है और सीरीज का आगाज टेस्ट सीरीज के बजाय टी20 से करने की मांग की है।
और पढ़ें: IND vs WI: जानें क्यों वनडे सीरीज का पहला मैच नहीं खेलेंगे केएल राहुल, सामने आयी बड़ी वजह
इस अपील के अनुसार एसएलसी चाहता है कि सीरीज का आगाज 3 मैचों की टी20 सीरीज के साथ हो टेस्ट सीरीज का आखिरी मैच डे-नाइट प्रारूप में खेला जाये, जिसकी मेजबानी बेंगलुरू के एम चिन्नास्वामी में की जाये। उल्लेखनीय है कि मौजूदा शेड्यूल के अनुसार श्रीलंका के खिलाफ सीरीज का आगाज 25 फरवरी से बेंगलुरू में खेले जाने वाले टेस्ट मैच के साथ होना था, जिसका दूसरा मैच मोहाली के आईएस बिंद्रा स्टेडियम में 5 मार्च से किया जाना था। वहीं टी20 सीरीज के 3 मैच मोहाली (13 मार्च), धर्मशाला (15 मार्च) और लखनऊ (18 मार्च) में आयोजित किये जाने थे।

इस वजह से बदलाव चाहता है श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड
श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने बीसीसीआई से अपील की है कि अगर भारतीय बोर्ड सीरीज का आगाज छोटे प्रारूप के साथ करेगा तो उसके खिलाड़ियों के लिये बबल टू बबल आसान रहेगा। उल्लेखनीय है कि श्रीलंकाई टीम भारत दौरे पर आने से पहले ऑस्ट्रेलिया में 5 मैचों की टी20 सीरीज खेलने जा रही है, जिसका आखिरी मैच 20 फरवरी को खेला जाना है। ऐसे में अगर बीसीसीआई शेड्यूल में बदलावों के लिये राजी हो जाता है तो श्रीलंकाई टीम के खिलाड़ी ऑस्ट्रेलिया से सीधा भारत पहुंच सकते हैं और टी20 सीरीज के बाद वर्कलोड भी मैनेज कर सकते हैं।

जानें कैसा होगा नया शेड्यूल
गौरतलब है कि बीसीसीआई अगले हफ्ते तक श्रीलंका के खिलाफ होने वाली द्विपक्षीय सीरीज के नये शेड्यूल का आधिकारिक रूप से ऐलान कर सकती है। इसके तहत मोहाली के बजाय टी20 सीरीज का आगाज धर्मशाला के मैदान पर किया जायेगा जबकि टेस्ट सीरीज का पहला मैच मोहाली में खेला जाना है तो टी20 सीरीज का आखिरी मैच भी मोहाली में आयोजित किया जायेगा। सीरीज का दूसरा और आखिरी टेस्ट मैच बेंगलुरू में पिंक बॉल से डे नाइट प्रारूप में खेला जायेगा।

कोरोना के चलते बीसीसीआई ले रहा है यह फैसला
आपको बता दें कि भारत में कोरोना वायरस की मौजूदा परिस्थिति को देखते हुए बीसीसीआई की ओर से शेड्यूल में बदलाव करना हैरानी भरा फैसला नहीं है। बीसीसीआई ने वेस्टइंडीज के खिलाफ खेली जाने वाली द्विपक्षीय सीरीज को भी 6 के बजाय सिर्फ 2 मैदान पर ही आयोजित कराने का फैसला इसी को देखते हुए लिया है। वेस्टइंडीज के खिलाफ खेली जाने वाली 3 मैचों की वनडे सीरीज का आयोजन अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में किया जाना है तो वहीं पर कोलकाता के ईडन गार्डन्स में 3 मैचों की टी20 सीरीज खेली जायेगी।
इस बीच भारतीय खेमे में कोरोना विस्फोट हो गया है और 3 खिलाड़ियों समेत करीब 8 सदस्य कोरोना वायरस की चपेट में आ गये हैं। इसको देखते हुए बीसीसीआई ने मयंक अग्रवाल को वनडे टीम में शामिल किया है। जबकि श्रेयस अय्यर, शिखर धवन और ऋतुराज गायकवाड़ कोरोना वायरस के चलते क्वारंटीन हो गये हैं।












Click it and Unblock the Notifications