श्रेयस अय्यर ने बढ़ाई कोहली की टेंशन, 4 साल बाद बोली दिल की बात
धर्मशाला: मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज श्रेयस अय्यर ने हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला स्टेडियम में श्रीलंका के खिलाफ हुए तीसरे टी20 मैच के दाैरान शानदार पारी खेल टीम को जीत दिला दी। अय्यर ने नंबर तीन पर बल्लेबाजी करते हुए महज 45 गेंदों में नाबाद 73 रन बना दिए, जिसकी बदाैलत 16.5 ओवर में भारत ने 147 रनों का पीछा 6 विकेट रहते कर लिया। अय्यर को कोहली की जगह खेलने का माैका मिला। अय्यर ने इसका फायदा भी उठाया, साथ ही एक बयान देते हुए पूर्व कप्तान कोहली की टेंशन भी बढ़ा दी।
यह भी पढ़ें- नहीं रहे महान स्पिनर सन्नी रामाधीन, कभी इंग्लैंड का उसी की धरती पर तोड़ा था घमंड

4 साल बाद बोली दिल की बात
दरअसल, अय्यर ने 4 साल बाद दिल की बात बोलते हुए कहा कि उन्हें नंबर तीन पर बल्लेबाजी करना पसंद है। अय्यर ने नवंबर 2017 पहला टी20आई मैच खेला था। उन्हें नंबर 4 व 5 पर आजमाया जाता था। लेकिन श्रीलंका के खिलाफ तीनों टी20आई मैचों में नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने पर श्रेयस अय्यर ने कहा, ''अगर मैं निजी ताैर अपनी बात रखूं तो मेरे लिए सबसे अच्छा स्थान तीसरा नंबर है। टी20 फॉर्मेट में जब कोई बल्लेबाज नंबर 3 पर आता है तो वह अपनी पारी की योजना काफी अच्छी तरह से बना सकता है। जब हम निचले क्रम में बल्लेबाजी करते हैं तो आपके पास समय नहीं रहता और आपको पहली गेंद से ही तेजी से रन बनाने होते हैं।''

टीम में काफी कॉम्पिटिशन है
श्रेयस अय्यर को 'मैन ऑफ द सीरीज' अवार्ड से भी नवाजा गया। जब उनसे पूछा गया कि क्या उनकी जगह अब पक्की बन चुकी है तो अय्यर ने कहा, ''मैं इस लम्हे का लुत्फ उठाना चाहता हूं। सीरीज में मैंने अच्छा स्कोर किया है। मुझे लगता है कि इस समय इस तरह से सोचना गलत होगा। जगह पक्की करने के बारे में कुछ नहीं कह सकता। मैंने पहले ही कहा था कि टीम में काफी कॉम्पिटिशन है।'' शॉर्ट गेंदों के खिलाफ श्रेयस अय्यर संघर्ष करते दिखते हैं। हालांकि उन्होंने, ''ईमानदारी से कहूं तो मैंने इस पर काम नहीं किया है। मैं वैसे ही खेल रहा हूं जिस तरह खेलने का मैं आदी हूं। अगर आपसी मानसिकता सही है, तो आप किसी भी गेंद का सामना कर सकते हैं। अगर आप मानते हैं कि शॉर्ट गेंद मेरी कमजोरी है तो मुझे इससे कोई फर्क नहीं पड़ता।''

आउट नहीं हो पाए अय्यर
खास बात यह रही कि श्रीलंका के गेंदबाज सीरीज में अय्यर को आउट भी नहीं कर पाए। लखनऊ में हुए पहले टी20 मैच में श्रेयस अय्यर ने 28 गेंदों पर 57 रन जड़े थे। इसके बाद दूसरे टी20 मैच में 44 गेंदों पर 74 रन बना दिए थे। फिर तीसरे टी20 मैच में भी अय्यर का तूफान नहीं रुका और उन्होंने 45 गेंदों पर 73 रन जड़ टीम को जीत दिलाकर की दम लिया। इस तरह श्रेयस अय्यर ने नंबर 3 पर बल्लेबाजी करते हुए रिकॉर्ड 204 रन बना डाले। अय्यर के इस प्रदर्शन ने कोहली की टेंशन जरूर बढ़ाई है क्योंकि अभी तक कोहली ही तीसरे नंबर पर भूमिका निभाते आ रहे हैं। वहीं कोहली नवंबर 2019 के बाद कोई अंतरराष्ट्रीय शतक भी नहीं लगा सके। अगर कोहली का फाॅर्म गिरता है तो अय्यर उनकी जगह लेने के लिए दावेदारी रखने वाले हैं।












Click it and Unblock the Notifications