क्विंटन डिकॉक के घर आयी नन्ही परी, पहली बार पिता बनने पर शेयर की तस्वीर

नई दिल्ली। भारतीय टीम इस साउथ अफ्रीका के दौरे पर पहुंची है, जहां पर वो 3 मैचों की टेस्ट और वनडे सीरीज खेल रही है। सेंचुरियन टेस्ट में साउथ अफ्रीका की टीम को मिली ऐतिहासिक हार के बाद टीम के दिग्गज विकेटकीपर क्विंटन डिकॉक ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर सभी को हैरान कर दिया। इससे पहले माना जा रहा था कि क्विंटन डिकॉक अपने पहले बच्चे के जन्म की वजह से बचे हुए दो मैचों में छुट्टी का ऐलान करेंगे, हालांकि उन्होंने पारिवारिक कारणों का हवाला देते हुए इस प्रारूप से संन्यास का ऐलान कर सभी को चौंका दिया। इस बीच गुरुवार को क्विंटन डिकॉक ने अपने फैन्स को खुश खबरी देते हुए पहली बार पिता बनने की पुष्टि की है।
क्विंटन डिकॉक ने गुरुवार को सोशल मीडिया पर अपनी पत्नी शाशा डिकॉक की डिलिवरी रूम से तस्वीर शेयर करते हुए बताया कि उनके घर लड़की का जन्म हुआ है और वो एक बेटी के पिता बन गये हैं। डिकॉक ने अपनी बेटी और पत्नी की तस्वीर शेयर करते हुए यह गुड न्यूज शेयर की और अपनी बेटी के नाम का भी ऐलान किया है।
डिकॉक ने अपनी नवजात बेटी का नाम कियारा रखा है और तस्वीर शेयर करने के साथ ही उन्हें बधाइयां मिलने लगी हैं। डिकॉक ने तस्वीर शेयर करते हुए अपनी पत्नी शाशा को टैग किया और पूछा कि कियारा नाम कैसा है। डिकॉक की तस्वीर पर उनके पूर्व साथी और तेज गेंदबाज ने बेटी के जन्म की बधाई देते हुए घर में नये मेहमान का स्वागत किया है।
गौरतलब है कि डिकॉक ने भले ही पहले टेस्ट मैच के बाद संन्यास का ऐलान कर दिया है लेकिन 3 मैचों की वनडे सीरीज के लिये दोबारा टीम के साथ जुड़ते नजर आयेंगे। क्रिकेट साउथ अफ्रीका ने वनडे सीरीज के लिये 17 सदस्यीय टीम का ऐलान किया तो उसमें क्विंटन डिकॉक की भी वापसी हुई है।
और पढ़ें: IND vs SA: जोहान्सबर्ग टेस्ट में रबाडा ने तोड़ा मॉर्केल का रिकॉर्ड, शार्दुल के नाम हुआ खास आंकड़ा
आपको बता दें कि जब डिकॉक ने टेस्ट प्रारूप से संन्यास का ऐलान किया तो कहा कि यह आसान फैसला नहीं था, मैंने इस पर काफी सोच विचार किया और पारिवारिक जिम्मेदारियों को प्राथमिकता देते हुए टेस्ट प्रारूप से संन्यास लेने का फैसला किया। शाशा और मैं अपने परिवार में पहले बच्चे के जन्म की राह देख रहे हैं और बढ़ती जिम्मेदारियों को देखते हुए मुझे यह फैसला लेना पड़ा। डिकॉक ने टेस्ट क्रिकेट में अपने देश के लिये प्रतिनिधित्व करने का मौका मिलने पर क्रिकेट साउथ अफ्रीका को धन्यवाद किया।












Click it and Unblock the Notifications