IND vs SA: पंत-हार्दिक ने लगाये गगनचुंबी छक्के, उमरान ने तोड़ा बैट, प्रैक्टिस में भी नजर आई मैच वाली भीड़
नई दिल्ली। भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेली जा रही 5 मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मैच ओडिशा की राजधानी कटक के स्टेडियम पर खेला जाना है, जहां पर भारतीय टीम पहले मैच में मिली हार का बदला लेने उतरेगी और जीत के साथ सीरीज में बराबरी करना चाहेगी। सीरीज का पहला मैच दिल्ली के मैदान पर खेला गया था, जिसमें 211 रन बनाने के बावजूद भारतीय टीम को 7 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। भारतीय टीम के गेंदबाजों ने आखिरी के 10 ओवर्स में जमकर रन लुटाये थे, जिसके चलते डेविड मिलर और रासि वैन डार दुसैं की जोड़ी ने नाबाद 131 रनों की साझेदारी कर मैच को 5 गेंद पहले ही जीत लिया था।
Recommended Video

ऐसे में कटक के मैदान पर खेले जाने वाले दूसरे मैच में जीत हासिल करने के लिये भारतीय टीम कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती है। इसी को ध्यान में रखते हुए भारतीय टीम के खिलाड़ी शनिवार को मैदान पर अभ्यास करते नजर आये, जिसकी तस्वीरें बीसीसीआई ने शेयर की हैं। इस दौरान मैदान का एक हिस्सा दर्शकों के लिये फ्री किया गया था जिसमें वो बैठकर भारतीय खिलाड़ियों की तैयारियों का मजा उठा सकते थे।
पंत-पांड्या के छक्कों पर झूम उठा स्टेडियम
इस दौरान फैन्स को मैदान पर युवा कप्तान ऋषभ पंत और उपकप्तान हार्दिक पांड्या के साथ ही तेज गेंदबाजी के चलते दुनिया भर के बैटर्स को परेशान करने वाले उमरान मलिक का भी अभ्यास नजर आया। इसको लेकर बीसीसीआई ने अपने आधिकारिक सोशल हैंडल से एक वीडियो शेयर किया है जिसमें ऋषभ पंत और हार्दिक पांड्या गगनचुंबी छक्के लगाते नजर आ रहे हैं और दर्शक उन्हें चीयर कर रहे हैं। बीसीसीआई ने दर्शकों को धन्यवाद करते हुए लिखा कि नॉन मैच डे पर मैच वाली फील, अभ्यास देखने के लिये कटक के मैदान पर दर्शकों की भीड़ जबरदस्त है।

गति से तोड़ा बैटर्स का विकेट
उल्लेखनीय है कि यह पहली बार नहीं है जब कुछ ऐसा देखने को मिला है, कटक के मैदान पर जब भी भारतीय टीम खेलने पहुंचती है वहां पर दर्शक उसे भारी मात्रा में अपना समर्थन देने के लिये अभ्यास के दौरान भी पहुंचते हुए नजर आते हैं। इस दौरान आईपीएल में लगातार अपनी स्पीड से धमाल मचाने वाले उमरान मलिक भी गेंदबाजी करते नजर आये और फैन्स उन्हें चीयर करते नजर आये। उमरान मलिक ने इस दौरान अपनी स्पीड से कुछ बैटर्स के बल्ले भी तोड़ दिये, जिसके चलते स्टेडियम तालियों से गूंज उठा।

उमरान ने अभ्यास के दौरान फेंकी 163.7 किमी की गेंद
गौरतलब है कि इससे पहले भी सोशल मीडिया पर उमरान मलिक के अभ्यास की कुछ तस्वीरें आई थी जिसमें इस युवा गेंदबाज ने प्रैक्टिस के दौरान 163.7 किमी प्रति घंटे की स्पीड से गेंद फेंकी थी। आपको बता दें कि अगर उमरान मलिक इतनी स्पीड से अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में गेंद फेंक देते हैं तो वो क्रिकेट इतिहास की सबसे तेज गेंद फेंकने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लेंगे, जो कि पिछले एक दशक से पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर के नाम है। शोएब अख्तर ने 2003 विश्वकप के दौरान यह गेंद फेंकी थी जिसका सामना इंग्लैंड के सलामी बैटर ने किया था। शोएब अख्तर ने 161 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद फेंकी थी।












Click it and Unblock the Notifications