भारतीय पेसरों को टोपियां पहनकर मारते थे अनवर-सोहेल, सलमान बट्ट ने बताया हेलमेट क्यों नहीं लगाते थे
भारत बनाम पाकिस्तान (India vs Pakistan) का एक मुकाबला 23 अक्टूबर को मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में देखने को मिलने वाला है। काफी लंबे समय बाद पाक टीम ने भारत को टक्कर देनी शुरू कर दी है जिससे यह मैच रोमांचक बन गया है। यह सब पिछले साल से शुरू हुआ जब पाकिस्तान ने भारत को टी20 वर्ल्ड कप 2021 में मात देकर विश्व कप में भारत से हारने का लंबा सिलसिला तोड़ दिया। अब दोनों के बीच बराबरी की टक्कर की उम्मीद है। पहले लंबे समय तक भारत ने पाकिस्तान पर डोमिनेट किया। लेकिन उससे भी पहले तक पाकिस्तान क्रिकेट की तूती बोलती थी। तब टीम इंडिया पाकिस्तान के सामने उन्नीस थी। सलमान बट्ट ने उस दौर के बारे में एक बोल्ड कमेंट किया है। (फोटो सौजन्य- ट्विटर/इंस्टाग्राम)

सईद अनवर और आमिर सोहेल
पूर्व पाक कप्तान बट्ट ने कहा है कि तब के जमाने में भारतीय गेंदबाजों की स्पीड इतनी कम हुआ करती थी कि सईद अनवर और आमिर सोहेल जैसे थाकड़ पाक ओपनर बगैर हैलमेट के ही उनको खेलते थे। केवल कैप लगाकर ही इन गेंदबाजों का सामना हो जाता था। बट्ट ने ये बात तब कही जब उनसे पूछा गया कि शाहिद अफरीदी को एशियाई कंडिशन में ओपनिंग करने का मौका क्यों नहीं दिया गया।

सलमान बट्ट ने बताया हेलमेट क्यों नहीं लगाते थे
क्रिक ब्रिज नाम के शो पर बात करते हुए बट्ट ने कहा कि, पहले इंडिया की बॉलिंग ऐसी थी कि आमिर सोहेल और सईद अनवर हेलमेट नहीं पहनते थे...टोपियां पहनकर उनको मार रहे होते थे, क्योंकि उस समय स्पीड नहीं थी।
अब तो ये दोनों देश जनवरी 2013 के बाद से द्विपक्षीय सीरीज नहीं खेलते हैं। इसलिए फैंस को दोनों के बीच बहुत कम मुकाबले देखने को मिलते हैं। पर 90 के दशक में ऐसा नहीं था। तब आमिर सोहेल और सईद अनवर ने भारत के खिलाफ काफी निर्ममता से रन बनाए। दोनों बाए हाथ के बल्लेबाज थे और टीम इंडिया के सामने काफी तेज स्ट्राइक रेट से रन बनाते थे।

स्पीड के लिए ले-देकर जवागल श्रीनाथ ही होते थे
उस समय गेंदबाजी में भी भारतीय टीम पाकिस्तान के महान बॉलिंग अटैक के सामने कहीं नहीं ठहरती थी। तब वसीम अकरम, वकार यूनुस, शोएब अख्तर, आकिब जावेद, सकलैन मुश्ताक, मुश्ताक अहमद जैसे बॉलर हुआ करते थे। जवाब में भारत के पास स्पीड के लिए ले-देकर जवागल श्रीनाथ ही होते थे। वेंकटेश प्रसाद ने तब काफी क्रिकेट खेला लेकिन वे एक मीडियम बॉलर से कुछ ही तेज थे। उस समय भारत को तीसरे तेज गेंदबाज की कमी बहुत ज्यादा खलती थी। स्पिन में अनिल कुंबले की मौजूदगी हालांकि शानदार थी।

बॉलिंग स्पीड में अब भी पाकिस्तान ही आगे है
अब पाकिस्तान ने फिर से भारत के सामने बराबरी का खेल दिखाना शुरू कर दिया है। पीसीबी चीफ रमीज राजा का तो ये भी कहना है कि टीम इंडिया अब जानती है पाकिस्तान उनको कभी भी हराने में सक्षम है इसलिए पाक टीम को वे अब इज्जत देना शुरू कर चुके हैं। वैसे ये बात आज भी सच है कि बॉलिंग स्पीड में अब भी टीम इंडिया पाकिस्तान के पेस अटैक के सामने टिक नहीं पाती। एशिया कप में हमने मोहम्मद हसनैन, नसीम शाह जैसे युवाओं को 150 kmph पर लगातार गेंद फेंकते देखा तो वहीं अनुभवी हारिस राऊफ भी इसी स्पीड से बहुत तूफानी थे।












Click it and Unblock the Notifications