IND vs ENG: सरफराज खान को मिला टेस्ट डेब्यू का मौका, पिता की आंखों से बहने लगे आंसू, गले लगाकर खूब रोए
India vs England 3rd Test, Sarfaraz Khan father: इंग्लैंड के खिलाफ राजकोट टेस्ट में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। भारतीय टीम ने इस मुकाबले में चार बड़े बदलाव किए हैं। सरफराज खान और ध्रुव जुरेल को भारत की तरफ से टेस्ट में डेब्यू करने का मौका मिला है।
पूरा हुआ सरफराज का सपना
लंबे समय के इंतजार के बाद सरफराज खान को आखिरकार भारत की तरफ से टेस्ट में खेलने का मौका मिल ही गया। सरफराज का यह सपना 15 फरवरी 2024 को पूरा हुआ। सरफराज के लिए भारत की तरफ से खेलने का सपना उनके पिता नौशाद खान ने देखा था। यही वजह थी कि जब सरफराज को टेस्ट कैप मिला तो इस दौरान उनके पिता काफी भावुक नजर आए।

भावुक पिता ने लगाया गले
सरफराज खान को जब टेस्ट कैप दी जा रही थी तो उस समय उनके पिता की आंखों से आंसू बह रहे थे। टेस्ट कैप मिलने के बाद सरफराज ने अपने पिता को गले लगाया और वह भी उनके साथ भावुक हो गए। उन्होंने इस दौरान बेटे के टेस्ट कैप को किस भी किया। सरफराज खान के साथ उनके पिता इस पल का इंतजार लंबे समय से कर रहे थे। सोशल मीडिया पर सरफराज खान के पिता की तस्वीर तेजी से वायरल हो रही है। जिस पर फैंस भी लगातार अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
शानदार रहा है करियर
मुंबई की ओर से घरेलू क्रिकेट खेलने वाले सरफराज खान उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। 26 साल के सरफराज खान को पहली बार भारतीय टेस्ट टीम में शामिल किया गया और इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टेस्ट मैच में उन्हें डेब्यू करने का मौका मिला है। सरफराज खान का घरेलू करियर शानदार रहा है। उन्होंने 45 फर्स्ट क्लास मैच के दौरान 66 पारियों में 69.85 की बेहतरीन औसत से 3912 रन बनाए हैं।
भारत की प्लेइंग इलेवन
रोहित शर्मा (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, शुभमन गिल, रजत पाटीदार, सरफराज खान, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, रविचंद्रन अश्विन, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज।
इंग्लैंड की प्लेइंग इलेवन
जैक क्रॉली, बेन डकेट, ओली पोप, जो रूट, जॉनी बेयरस्टो, बेन स्टोक्स (कप्तान), बेन फोक्स (विकेटकीपर), टॉम हार्टले, जेम्स एंडरसन, रेहान अहमद, मार्क वुड।












Click it and Unblock the Notifications