IND vs BAN: भारत ने बांग्लादेश को बुरी तरह हराया, सेमीफाइनल की दौड़ में बरकरार टीम इंडिया
IND vs BAN: महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के खिलाफ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 136 रन बनाए। शुरुआती झटकों के बावजूद जुआइरिया फिरदौस और कप्तान निगार सुल्ताना ने टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
बांग्लादेश की शुरुआत अच्छी नहीं रही और दिलारा अख्तर सिर्फ 4 रन बनाकर आउट हो गईं। इसके बाद जुआइरिया फिरदौस ने 31 गेंदों में 33 रन की पारी खेली, जिसमें 5 चौके शामिल रहे। कप्तान निगार सुल्ताना ने भी 27 गेंदों पर 32 रन बनाकर टीम की पारी को संभाला। सोभाना मोस्तारी ने 22 रन का योगदान दिया, जबकि शोरना अख्तर ने 10 गेंदों में 13 रन बनाए। भारतीय टीम ने पावरप्ले के दौरान चार कैच भी टपकाए।

पावरप्ले के बाद भारतीय गेंदबाजों ने शानदार वापसी की और नियमित अंतराल पर विकेट झटके। रितु मोनी 4 गेंदों में 8 रन बनाकर आउट हुईं, जबकि राबेया खान 2 और मारुफा अख्तर 2 रन बनाकर नाबाद रहीं। बांग्लादेश को 10 अतिरिक्त रन भी मिले, जिसकी मदद से टीम 136 रन तक पहुंच सकी।
भारत की ओर से राधा यादव सबसे सफल गेंदबाज रहीं। उन्होंने 3 विकेट हासिल किए। श्री चरणी ने 2 विकेट झटके, जबकि रेणुका सिंह और नंदनी शर्मा को 1-1 सफलता मिली।
अब भारत को यह मुकाबला जीतने के लिए 20 ओवर में 137 रन का लक्ष्य हासिल करना होगा। बल्लेबाजी के लिए अनुकूल पिच पर भारतीय टीम की नजरें मजबूत शुरुआत करके लक्ष्य को हासिल करने पर होंगी।
137 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम ने 16.5 ओवर में 5 विकेट खोकर 139 रन बना लिए।भारत की जीत की सबसे बड़ी नायिका शेफाली वर्मा रहीं, जिन्होंने 34 गेंदों में 53 रन की तूफानी पारी खेली। उनकी पारी में 8 चौके और 1 छक्का शामिल रहा। यास्तिका भाटिया ने 23 रन बनाए, जबकि जेमिमा रोड्रिग्स ने सिर्फ 15 गेंदों पर 26 रन की तेज पारी खेलकर जीत की राह आसान कर दी।
कप्तान हरमनप्रीत कौर 13 रन और दीप्ति शर्मा 5 रन बनाकर नाबाद लौटीं। स्मृति मंधाना 8 रन और ऋचा घोष 10 रन बनाकर आउट हुईं, लेकिन इससे भारत की जीत पर कोई असर नहीं पड़ा।
बांग्लादेश की ओर से रितु मोनी ने 2 विकेट लिए, जबकि मारुफा अख्तर, नाहिदा अख्तर और राबेया खान को 1-1 सफलता मिली। हालांकि भारतीय बल्लेबाजों के आक्रामक खेल के सामने बांग्लादेश का 136 रन का स्कोर छोटा साबित हुआ।












Click it and Unblock the Notifications