IND vs AUS: पूजा ने करियर बेस्ट गेंदबाजी से ऑस्ट्रेलिया को समेटा, जवाब में भारत की धाकड़ बैटिंग
IND vs AUS Test: मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में भारत और ऑस्ट्रेलिया की महिला टीमों के बीच आज टेस्ट मैच शुरू हुआ। टीम इंडिया ने पहले ही दिन धमाकेदार गेंदबाजी का प्रदर्शन करते हुए ऑस्ट्रेलिया को हैरान कर दिया। कंगारू महिलाएं 219 रनों के कुल स्कोर पर ही आउट हो गई।
ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। यह गलत साबित हुआ। फिबे लिचफील्ड बिना खाता खोले ही आउट हो गईं। उनके बाद एलिस पेरी भी 4 रन के निजी स्कोर पर पवेलियन लौट गईं। इस समय कुल स्कोर महज 7 रन था।

यहाँ से बेथ मुनी और तहलिया मैक्ग्रा ने बेहतरीन बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए तीसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय भागीदारी की। इस बीच मुनि 40 रन के निजी स्कोर पर आउट हुईं। हालांकि मैक्ग्रा खेलती रहीं और अपनी फिफ्टी पूरी कर 50 पर आउट हुई।
एलिसा हिली ने भी कुछ देर क्रीज पर टिककर बल्लेबाजी की और 38 के निजी स्कोर पर आउट हो गईं। भारतीय तेज गेंदबाज पूजा वस्त्राकर ने धाकड़ गेंदबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया की बल्लेबाजों को परेशान कर दिया। निचले क्रम से ऑस्ट्रेलिया के लिए किम गार्थ ने नाबाद 28 रनों की पारी खेली और पूरी टीम 219 रनों के कुल स्कोर पर आउट हो गईं। पूजा ने करियर बेस्ट गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके। स्नेह राणा को 3 और दीप्ति शर्मा को 2 विकेट हासिल हुए।
जवाबी पारी में खेलते हुए टीम इंडिया ने बेहतरीन बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। भारत के लिए ओपनर बल्लेबाज स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने मिलकर पहले विकेट के लिए 90 रनों की धाकड़ भागीदारी की। इस बीच शेफाली 40 रनों के निजी स्कोर पर आउट होकर चलती बनीं। स्टंप्स तक भारत ने 1 विकेट पर 98 रनों का स्कोर बनाया। मंधाना 43 और स्नेह राणा 3 रन बनाकर क्रीज पर थीं, दूसरे दिन का खेल दोनों ही टीमों के लिए अहम रहने वाला है।












Click it and Unblock the Notifications