IND vs AUS: एक बार फिर टॉड मर्फी से हार गए किंग कोहली, कंगारू गेंदबाज ने छीना विराट का सुकून
India vs Australia 3rd Test: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीसरे टेस्ट मैच की पहली पारी में एक बार फिर विराट कोहली फ्लॉप रहे। वह सिर्फ 22 रन बनाकर आउट हो गए।

India vs Australia 3rd Test: इंदौर के होल्कर स्टेडियम में ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर्स कमाल का प्रदर्शन कर रहे हैं। पहले दिन लंच तक भारत ने सात विकेट गंवाकर 84 रन बना लिए हैं। रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। लेकिन बल्लेबाजों ने कप्तान के इस फैसले को गलत साबित कर दिया। भारत का पहला विकेट कप्तान रोहित शर्मा के रूप में ही 27 के स्कोर पर गिरा था। इसके बाद से लगातार भारतीय बल्लेबाज आउट होते चले गए। हालात यहां तक आ गए कि महज 82 के स्कोर पर ही टीम ने अपने सात खिलाड़ियों का विकेट गंवा दिया।

कोहली को टॉड मर्फी ने फिर दिया चकमा
भारत की तरफ से विराट कोहली से इस मुकाबले में बड़ी पारी की उम्मीद थी। वह नागपुर और दिल्ली में बल्ले से कुछ खास असर नहीं छोड़ सके थे। लगातार विकेट गिरने के बानजूद कोहली ने एक छोर से पारी को संभालने की कोशिश की। लेकिन टॉड मर्फी की गेंद पर एक बार फिर वह चकमा खा गए। इस सीरीज में तीसरी बार कोहली मर्फी की गेंद पर आउट हुए हैं। कोहली का विकेट झटकने के बाद मर्फी बेहद जोश में विकेट का सेलिब्रेशन मनाया।

एलबीडब्ल्यू आउट होकर लौटे पवेलियन
ऑस्ट्रेलिया की तरफ से पारी का 22वां ओवर टॉड मर्फी करने आए। टॉड मर्फी ने अपनी गेंदों से कोहली को खासा परेशान किया। मर्फी पर दबाव बनाने के लिए कोहली ने चौथी गेंद पर उन्हें स्विप मारने की कोशिश की और यही उनसे बड़ी गलती हो गई। गेंद टप्पा पड़ते ही सीधे कोहली के पैर पर लग गई और वह एलबीडब्ल्यू आउट हो गए। कोहली ने इसके बाद रिव्यू लिया, लेकिन वह उनके काम नहीं आई और विराट कोहली को निराश होकर पवेलियन लौटना पड़ा।

भारत को बनाने होंगे रन
एक बार फिर सारी उम्मीदें अक्षऱ पटेल पर टिकी हुई है। लेकिन लंच के ठीक बाद आर अश्विन भी अपना विकेट गंवा बैठे। लिहाजा अक्षर के लिए काम और भी मुश्किल हो गया है। टीम इंडिया पर ऑस्ट्रेलिया के स्पिनर कहर बनकर टूटे हैं। भारतीय फैंस को अपने स्पिनर्स से भी इसी तरह की गेंदबाजी की उम्मीद होगी। ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर्स को खेलने में भारतीय बल्लेबाज नाकाम रहे हैं। भारत का कोई भी बल्लेबाज अब तक बड़ा स्कोर नहीं बना सका है। ऐसे में भारत को मैच में वापसी करने के लिए किसी करिश्मे की उम्मीद होगी।












Click it and Unblock the Notifications