National Sports Day 2025: 29 अगस्त को क्यों मनाया जाता है नेशनल स्पोर्ट्स डे? जानिए क्या है इसकी अहमियत!
National Sports Day 2025: भारत हर साल 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस (National Sports Day) मनाता है। यह दिन भारतीय हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती पर मनाया जाता है। ध्यानचंद का जन्म 29 अगस्त 1905 को हुआ था। उन्हें दुनिया के सबसे बेहतरीन हॉकी खिलाड़ियों में गिना जाता है। उनकी गजब की हॉकी स्किल्स ने भारत को ओलंपिक खेलों में कई बार गोल्ड मेडल जिताए।
एक समय भारत का था हॉकी में जबरदस्त दबदबा (National Sports Day 2025)
1928 से 1936 के बीच भारत ने ओलंपिक हॉकी में जबरदस्त दबदबा बनाया। इस दौरान भारत ने लगातार गोल्ड मेडल जीते और दुनिया में अपनी पहचान बनाई। ध्यानचंद को 'हॉकी का जादूगर' कहा जाता है। उनकी बदौलत भारत ने न सिर्फ उस दौर में बल्कि आज भी हॉकी को अपनी पहचान बनाए रखा है। भारतीय हॉकी टीम अब एशिया कप में धूम मचाने को तैयार है।

कब से शुरू हुआ राष्ट्रीय खेल दिवस?
राष्ट्रीय खेल दिवस पहली बार 2012 में मनाया गया था। इसका मकसद है खेलों के महत्व को बढ़ावा देना और फिटनेस को लोगों की जिंदगी का हिस्सा बनाना। आज यह दिन सिर्फ एक खेल दिवस नहीं, बल्कि देश में फिटनेस और स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश देने का सबसे बड़ा मंच बन चुका है। इस दिन को खेलों के सम्मान के रूप में सेलिब्रेट किया जाता है।
इस साल आज के दिन क्या है खास?
इस बार खेल मंत्रालय ने फिट इंडिया मिशन के तहत एक राष्ट्रीय अभियान शुरू किया है, जिसका नाम है 'एक घंटा, खेल के मैदान में'। यह कैंपेन 29 अगस्त से 31 अगस्त तक चलेगा। इसके तहत लोगों को रोजाना कम से कम 60 मिनट खेल या शारीरिक गतिविधि करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य है लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए जागरूक करना और लाइफस्टाइल बीमारियों से बचाव करना।
खेल मंत्रालय ने शेयर किया प्रेस इंफॉर्मेशन ब्यूरो
खेल मंत्रालय ने प्रेस इंफॉर्मेशन ब्यूरो के जरिए बताया है कि फिटनेस को रोजमर्रा की जिंदगी में शामिल करना जरूरी है। इसलिए खेलों को सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि जीवनशैली का हिस्सा बनाने की जरूरत है। 29 अगस्त को देशभर में बड़े स्तर पर खेल गतिविधियां होंगी। राज्य की राजधानियों से लेकर हर जिले में मशहूर खिलाड़ी और जनप्रतिनिधि खेलों में हिस्सा लेंगे और लोगों को फिटनेस के लिए प्रेरित करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications