23 की उम्र में Yashasvi Jaiswal ने रचा इतिहास! ब्रैडमैन और सचिन जैसे दिग्गजों के साथ जुड़ा नाम
IND vs WI, Yashasvi Jaiswal: भारतीय क्रिकेट के युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल (Yashasvi Jaiswal) टेस्ट क्रिकेट में अपनी पहचान बना चुके हैं। 10 अक्टूबर यानी शुक्रवार को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट में उनके शानदार सातवें टेस्ट शतक ने उनके करियर को नई ऊंचाई की तरफ बढ़ाने का काम किया। वेस्टइंडीज के खिलाफ जायसवाल ने कमाल की शतकीय पारी खेली।
शतक जड़ते ही रच डाला इतिहास (IND vs WI, Yashasvi Jaiswal)
खास बात ये है कि 24 साल का होने से पहले सात टेस्ट शतक लगाने वाले बल्लेबाजों के एक खास क्लब में अब जायसवाल का नाम भी शामिल हो गया है। इस सूची में वह जावेद मियांदाद, ग्रेम स्मिथ, एलिस्टेयर कुक, और केन विलियमसन जैसे महान खिलाड़ियों के साथ खड़े हैं। उनसे आगे केवल डॉन ब्रैडमैन (12), सचिन तेंदुलकर (11), और गैरी सोबर्स (9) ही हैं, जिन्होंने 24 की उम्र से पहले अधिक शतक बनाए हैं।

टेस्ट क्रिकेट में छोड़ चुके हैं अपनी छाप
जायसवाल को भारतीय क्रिकेट के तीनों प्रारूपों में पारी की शुरुआत करने के लिए एक बेहतरीन विकल्प माना जाता है। फिर भी वह वनडे और टी-20 अंतर्राष्ट्रीय टीम में नियमित जगह नहीं बना पाए हैं। भले ही वह सफेद गेंद में दुर्भाग्यशाली रहे हों, लेकिन टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने अपनी जगह बना ली है। वह लगातार टेस्ट क्रिकेट बल्ले से रन बनाने का काम कर रहे हैं।
बतौर ओपनर जड़े सबसे अधिक शतक
साल 2022 में टेस्ट डेब्यू के बाद से जायसवाल ने खुद को दुनिया के सर्वश्रेष्ठ सलामी बल्लेबाजों में से एक साबित किया है। इस दौरान विश्व क्रिकेट में किसी भी अन्य सलामी बल्लेबाज ने उनसे ज्यादा शतक नहीं लगाए हैं। इंग्लैंड के बेन डकेट चार शतकों के साथ दूसरे स्थान पर हैं। हैरानी की बात यह है कि 2022 से लेकर अब तक भारत के अन्य सभी सलामी बल्लेबाजों ने मिलकर केवल छह टेस्ट शतक बनाए हैं।
यह दूसरा मौका है जब जायसवाल ने एक कैलेंडर वर्ष में कम से कम तीन टेस्ट शतक बनाए हैं। भारतीय सलामी बल्लेबाजों में केवल सुनील गावस्कर, वीरेंद्र सहवाग और गौतम गंभीर ही यह उपलब्धि एक से अधिक बार हासिल कर पाए हैं। अब तक जायसवाल ने सात शतक और 12 अर्धशतकों के साथ टेस्ट क्रिकेट में लगभग 50 के औसत से रन बनाए हैं।












Click it and Unblock the Notifications