पहले शतक, फिर दमदार अर्धशतक, रोहित ने धोनी के बड़े रिकॉर्ड को तोड़कर हासिल की शानदार उपलब्धि
IND vs WI 2nd Test: भारत के क्रिकेट कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) डोमिनिका में अपना दसवां टेस्ट शतक जड़ने के बाद त्रिनिदाद के पोर्ट ऑफ स्पेन में भी एक बढ़िया पारी खेलते हुए नजर आए।
रोहित ने यशस्वी जायसवाल के साथ पहले विकेट के लिए 139 रनों की साझेदारी की। यह इन दोनों खिलाड़ियों के बीच लगातार दूसरी शतकीय ओपनिंग साझेदारी थी।

वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में भारत ने शानदार जीत दर्ज की थी और अब दूसरे मुकाबले में भी टीम इंडिया बढ़िया स्थिति में दिखाई दे रही है। रोहित नहीं जहां 80 रनों की पारी खेली और उसके चलते महेंद्र सिंह धोनी का एक बड़ा रिकॉर्ड भी टूट गया है।
रोहित ने गुरुवार को धोनी को पीछे छोड़ते हुए इंटरनेशनल क्रिकेट में भारत के लिए पांचवें सर्वोच्च रन स्कोरर बनने का गौरव हासिल किया। रोहित अभी तक सभी फॉर्मेट में 443 मैच खेलते हुए 17298 रन बना चुके हैं जिसमें उन्होंने 44 शतक और 92 अर्धशतक लगाए हैं। दूसरी ओर महेंद्र सिंह धोनी 2020 में क्रिकेट से संन्यास लेने से पहले इंटरनेशनल मैचों में 523 मुकाबले खेलकर 17092 रन बना चुके थे।
इस मामले में मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर सबसे ऊपर है, जिन्होंने भारत के लिए 664 मुकाबले खेल 34357 रन बनाए हैं। उन्होंने वास्तव में सभी फॉर्मेट में इंटरनेशनल क्रिकेट में सभी देशों में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड भी कायम किया हुआ है। भारतीय टीम के मौजूदा हेड कोच राहुल द्रविड़ ने 504 मैचों में 24064 रन बनाए हैं, जबकि विराट कोहली ने 500 मुकाबले खेलकर 25548 रन बना लिए हैं।
ये भी पढ़ें- रोहित-जायसवाल की धमाकेदार शुरुआत के बाद कोहली का भी चला बल्ला, पहले दिन भारत की पकड़ मजबूत
रोहित के आउट होने के बाद विराट कोहली नाबाद 87 रन बनाकर क्रीज पर टिके हुए हैं और वे अपनी टेस्ट सेंचुरी की ओर बढ़ रहे हैं। उनके और रवींद्र जडेजा के बीच शतकीय साझेदारी हो चुकी है और भारतीय टीम काफी मजबूत स्थिति में दिखाई दे रही है। भारत के पूर्व कप्तान विराट ने दक्षिण अफ्रीका के पूर्व बल्लेबाज और ऑलराउंडर जैक्स कालिस के 25534 रन को भी पीछे छोड़ दिया है। विराट अब इंटरनेशनल क्रिकेट में 5वें सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बन चुके हैं।
विराट फिलहाल 53.67 की औसत से 25548 रन बना चुके हैं, उनके खाते में 75 शतक हैं और 132 अर्धशतक हैं। भारत ने पहले दिन खेल समाप्ति के समय 4 विकेट के नुकसान पर 288 रन बना लिए थे। कोहली के साथ रवींद्र जडेजा 84 गेंदों पर 36 रन बनाकर खेल रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications