‘अगले मैच में अभी समय है और मैं…’ Rohit Sharma ने अपनी इंजरी पर दी बड़ी अपडेट
भारतीय टीम ने वेस्टइंडीज को 5 मैचों की टी20 सीरीज के तीसरे मैच में 7 विकेट से हराया।
सेंट किट्स, 3 अगस्त: भारतीय टीम ने वेस्टइंडीज को 5 मैचों की टी20 सीरीज के तीसरे मैच में 7 विकेट से हराया। इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने ना सिर्फ सीरीज में 2-1 की अहम बढ़त बनाई, बल्कि दूसरे मैच में मिली करारी हार का बदला भी लिया। हालांकि, जीत से पहले भारतीय टीम और फैंस को बड़ा झटका लगा, जब डेढ़ ओवर के बाद ही कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) चोट के चलते मैदान छोड़ने पर मजबूर हो गए।
ये भी पढ़ें- CWG 2022 : भारतीय बैडमिंटन टीम जीता सिल्वर, वेटलिफ्टिंग में विकास को भी मिला रजत पदक

रिटायर्ड हर्ट हुए हिटमैन
भारतीय पारी के दूसरे ओवर में रोहित ने अल्जारी जोसेफ की पहली गेंद पर पुल शॉट खेला और कमाल का छक्का लगाया। तीसरी गेंद पर उन्होंने फिर एक शानदार चौका जड़ा। हिटमैन बढ़िया लय में नजर आ रहे थे, तभी चौथी गेंद के बाद वह तकलीफ में नजर आए। रोहित को देखने के लिए फिजियो तुरंत मैदान पर पहुंचे, लेकिन वह आगे खेलने की स्थिति में नजर नहीं आए और उन्हें मैदान छोड़ना पड़ा।
🚨 UPDATE: #TeamIndia captain Rohit Sharma has a back spasm.
The BCCI medical team is monitoring his progress.#WIvIND— BCCI (@BCCI) August 2, 2022

पीठ में हुई जकड़न
भारतीय कप्तान के मैदान से बाहर जाने के बाद BCCI ने उनकी इंजरी पर बड़ा अपडेट दिया। बोर्ड ने ट्वीट कर लिखा, "टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा को पीठ में जकड़न है। BCCI की मेडिकल टीम उनकी स्थिति पर नजर रखे हुए हैं।" रिटायर्ड हर्ट होने से पहले अनुभवी ओपनर ने सिर्फ 5 गेंदों पर 11 रन बना दिए थे। रोहित के इंजरी के बाद भारतीय फैंस वाकई में काफी मायूस हो गए थे। ऐसा हो भी क्यों न इस साल टीम को एशिया कप और टी20 वर्ल्ड कप जैसे दो बड़े टूर्नामेंट जो खेलने हैं।

सामने आई बड़ी अपडेट
भारत की जीत के बाद रोहित शर्मा ने अपनी इंजरी पर खुद बड़ा अपडेट दिया। भारतीय कप्तान ने पोस्ट मैच सेरेमनी में कहा, ''फिलहाल मैं ठीक हूं। अगले मैच में समय है तो पूरी उम्मीद है कि तब तक मैं पूरी तरह से फिट हो जाऊंगा।'' हिटमैन का ये बयान वाकई में फैंस और टीम मैनेजमेंट के लिए बड़ी राहत ही खबर होगी।
मैच को लेकर आगे उन्होंने कहा, ''हमने मध्य ओवरों में अच्छी गेंदबाजी की और पिच व परिस्थितियों का बेहतर उपयोग किया। जिस तरह से हमने इस लक्ष्य का पीछा किया, वह अधिक महत्वपूर्ण है। जब आप अच्छी शुरुआत करते हैं तो उसे बड़ी पारी में भी बदलें, सूर्या ने आज ऐसा ही किया। 30 और 40 सही है लेकिन जब आप 70-80 बनाते हैं तो और बेहतर होता है। उन्होंने अय्यर के साथ अच्छी साझेदारी की।''

छा गए सूर्या दादा
मैच में भारत के सामने 165 रन का टारगेट था। सूर्यकुमार यादव भी जोरदार लय में नजर आए और कैरेबियाई गेंदबाजों पर टूट पड़े। उन्होंने केवल 26 गेंदों में अपने T20I करियर का पांचवां अर्धशतक पूरा किया। सूर्या 44 गेंदों में 76 रन की आतिशी पारी खेलकर आउट हुए। इस दौरान उन्होंने 8 चौके और 4 छक्के जमाए। इस पारी के लिए अनको मैन ऑफ द मैच का अवॉर्ड भी मिला। यादव के अलावा ऋषभ पंत ने (33) और श्रेयस अय्यर ने 24 रन बनाए।

विंडीज ने बनाए थे 164 रन
इससे पहले वेस्टइंडीज ने टॉस हारकर पहले खेलते हुए बोर्ड पर 164/5 का स्कोर लगाया था। ओपनर काइल मेयर्स ने 50 गेंदों पर 73 रन बनाए, जबकि ब्रेंडन किंग (20), कप्तान निकोलस पूरन (22), रोवमैन पॉवेल (23) और शिमरोन हेटमायर 20 रन बनाकर आउट हुए। भारत की ओर से भुवनेश्वर कुमार ने 2, जबकि हार्दिक पांड्या और अर्शदीप सिंह को 1-1 विकेट मिला।












Click it and Unblock the Notifications