IND vs WI: 'रन बनाओ, वर्ना जूनियर सवाल उठाना शुरू कर देंगे..', ईशांत शर्मा ने दिया विराट कोहली को सीधा संदेश
IND vs WI Test Virat Kohli: भारतीय क्रिकेट टीम के लिए 2023-25 की वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप साइकिल की शुरुआत काफी बेहतर हुई है क्योंकि उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में कमांडिंग पोजीशन हासिल की हुई है।
भारत के लिए यशस्वी जायसवाल ने शानदार शतक ठोका है जिसमें विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे खिलाड़ियों ने उनको गाइड भी किया है।

भारत के तेज गेंदबाज ईशांत शर्मा भी जियोसिनेमा के जरिए इंटरनेशनल क्रिकेट मैचों में कमेंट्री में अपना डेब्यू कर रहे हैं। ईशांत विराट कोहली के साथ काफी क्रिकेट खेल चुके हैं। उन्होंने विराट कोहली के लिए एक सीधा सपाट संदेश भी दिया है।
ईशांत चाहते हैं कि विराट कोहली सामने से आकर उदाहरण सेट करें, काफी रन बनाएं ताकि जूनियर खिलाड़ियों को यह कहने का मौका ना मिले कि आपके सीनियर होने का क्या मतलब है? ईशांत और कोहली एक ही जगह दिल्ली से आते हैं।
ईशांत ने कमेंट्री में कहा, "एक सीनियर होने के नाते आपको अपने रन बनाने होंगे। वरना जूनियर आपसे सवाल पूछना शुरू कर देंगे। मैं जानता हूं कि विराट कोहली निश्चित तौर पर रन बनाएंगे क्योंकि इस समय उनका मेंटल फ्रेम और फॉर्म काफी अच्छी है।"
विराट कोहली हाल ही में फॉर्म में वापस आएं हैं लेकिन टेस्ट मैचों में लगातार रन बनाने को लेकर अभी भी कुछ सवाल खड़े हैं। उन्होंने बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ नागुपर टेस्ट मैच में एक बड़ी पारी खेली थी और अब वेस्टइंडीज के दौरे का इस्तेमाल अधिक से अधिक रनों के लिए करना चाहेंगे।
ये भी पढ़ें- 2015 के बाद से वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट शतक जड़ने वाले 5 डेब्यूटेंट, जानिए कोई क्यों नहीं बन पाया 'सुपरस्टार'
ईशांत ने आगे कहा, "मेरा मानना है कि विराट कोहली युवाओं को निखारना जानते हैं। क्योंकि उन्होंने ऋषभ पंत के केस में भी ऐसा किया है। विराट ने भारतीय टीम की कप्तानी काफी लंबे समय तक की है। जब भी पंत या कोई और युवा उनके पास आता था तो वह उसकी तकनीक में बदलाव कभी नहीं करते थे, बल्कि उसके हिसाब से खेलने की छूट देते थे। आपका कप्तान आपके साथ है तो खिलाड़ी के लिए यह बड़ी बात होती है।"
फिलहाल रोहित शर्मा भारतीय टीम के कप्तान हैं लेकिन वे भी मुंबई इंडियंस की टीम में कप्तानी का बहुत लंबा अनुभव रखते हैं और उन्होंने आईपीएल में कई युवा खिलाड़ियों को निखारा है। उम्मीद है कि रोहित और कोहली के मार्गदर्शन में जायसवाल, गिल और तिलक वर्मा को अपने हुनर को निखारने का मौका मिलेगा।
Recommended Video













Click it and Unblock the Notifications