IND vs WI: मोहम्मद सिराज का कहर, इस मामले में बन गए नंबर-1 गेंदबाज, ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज को पछाड़ा
IND vs WI 1st Test Mohammed Siraj: भारत और वेस्टइंडीज के बीच अहमदाबाद में शुरू हुए पहले टेस्ट मैच में स्टार तेज़ गेंदबाज़ मोहम्मद सिराज ने अपने शानदार प्रदर्शन से सबका दिल जीत लिया है। सिराज ने मैच के पहले ही सेशन में तीन अहम विकेट झटके और इसके साथ ही वह विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC 2025) में सबसे ज़्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज़ बन गए हैं। सिराज ने ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज पेसर मिचेल स्टार्क (29 विकेट) को पीछे छोड़ दिया है और अब उनके नाम इस चैंपियनशिप में 30 विकेट दर्ज हो गए हैं।
भारतीय टीम का दबदबा (IND vs WI 1st Test Mohammed Siraj)
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम को सिराज ने शुरुआती झटके दिए। अपने दूसरे ओवर की पांचवी गेंद पर उन्होंने सलामी बल्लेबाज़ टेगेनारायण चंद्रपॉल (0) को विकेटकीपर ध्रुव जुरेल के हाथों कैच कराया। इसके बाद स्टार बल्लेबाज़ ब्रैंडन किंग ने सिराज को एक चौका मारकर चुनौती देने की कोशिश की। लेकिन सिराज ने तुरंत वापसी की और किंग के मिडिल स्टंप को उखाड़ दिया।

गेंदबाजों ने ढाया कहर
अपने अगले ही ओवर में सिराज ने एलिक अथानाज़े (12) को दूसरी स्लिप पर केएल राहुल के हाथों कैच कराकर पवेलियन भेज दिया। लंच तक वेस्टइंडीज का स्कोर 42/4 हो गया था, जिसमें तीन विकेट सिराज ने और एक विकेट जसप्रीत बुमराह ने लिया। बाद में कुलदीप यादव ने शाई होप (26) को भी आउट किया। वहीं लंच के बाद सिराज ने वेस्टइंडीज के कप्तान रोस्टेन चेज को भी पवेलियन भेज दिया।
इस साल टेस्ट में भी जलवा
WTC के अलावा मोहम्मद सिराज इस साल टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज़्यादा विकेट लेने वाले दूसरे गेंदबाज़ भी बन गए हैं। उनसे आगे सिर्फ ज़िम्बाब्वे के ब्लेसिंग मुजरबानी (36 विकेट) हैं। सिराज का इस साल का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन इंग्लैंड के खिलाफ एजबेस्टन में (7 विकेट) और ओवल में (9 विकेट) आया था, जिसने भारत को सीरीज बराबर करने में मदद की थी। पहले दिन पिच का रंग भूरा था और नई गेंद से गेंदबाजों को ज़्यादा मदद नहीं मिल रही थी। इसके बावजूद सिराज ने अब तक 4 विकेट झटक लिए हैं।












Click it and Unblock the Notifications