IND vs SL : उमरान मलिक ने रचा इतिहास, किसी अंतर्राष्ट्रीय मैच में भारत की तरफ से फेंकी सबसे तेज गेंद
उमरान मलिक ने अपनी तेज गेंद से श्रीलंका के कप्तान को आउट कर दिया था। यह गेंद 155 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आई थी।

IND vs SL: भारत के सुपर फास्ट बॉलर उमरान मलिक अब विश्व क्रिकेट में अपनी धाक जमाने के लिए कदम बढ़ा चुके हैं। उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ टी-20 मैच में एक नया रिकॉर्ड बनाया। जिस गेंद पर उन्होंने श्रीलंका के कप्तान दासुन शनाका को आउट किया वह इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गयी। यह गेंद 155 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से फेंकी गयी थी जिसे शनाका ठीक से नहीं खेल पाये। गेंद इतनी तेज थी कि शानाका उसे संभाल नहीं पाये और शॉट हवा में मार बैठे। कवर क्षेत्र में एक साधारण कैच गया जिसे लपकने में युजवेन्द्र चहल ने कोई गलती नहीं की। उमरान ने 155 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार हासिल कर भारत की तरफ से किसी अंतर्राष्ट्रीय मैच में सबसे तेज गेंद फेंकी।
अक्षर-हुड्डा ने तोड़ दिया धोनी-यूसुफ का 13 साल पुराना रिकॉर्ड, भारत की जीत में अहम साबित हुए दोनों
किसी अंतर्राष्ट्रीय मैच में भारत के सबसे तेज गेंदबाज
हालांकि उमरान मलिक का यह सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं है। इसके पहले उन्होंने 157 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार भी निकाली है। लेकिन यह गेंद उन्होंने 2021 के आइपीएल में डाली थी। किसी अंतर्राष्ट्रीय मैच में नहीं। उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद की तरफ से खेलते हुए रॉयल चैलैंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ ये तेज गेंद फेंकी थी। भारत के किसी भी गेंदबाज ने अभी तक किसी भी मंच पर ये रफ्तार हासिल नहीं की है। लेकिन जहां तक अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट की बात है तो उमरान ने मंगलवार को श्रीलंका के खिलाफ सबसे तेज गेंद फेंकने का नया भारतीय रिकॉर्ड बनाया। उमरान से पहले इरफान पठान ने 2007 में टी-20 वर्ल्ड कप के दौरान पाकिस्तान के खिलाफ 153.7 KM/H का रिकॉर्ड बनाया था। मोहम्मद शमी ने 2014 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मेलबॉर्न टेस्ट में एक गेंद 153.3 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से फेंकी थी। चौथे स्थान पर जसप्रीत बुमराह हैं। उन्होंने 2018 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट मैच के दौरान 153.2 किलोमीटर प्रति घंटे हासिल की थी।
19 साल से अटूट है शोएब अख्तर का वर्ल्ड रिकॉर्ड
किसी अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैच में सबसे तेज गेंद फेंकने का रिकॉर्ड शोएब अख्तर के नाम है। उन्होंने 2003 के विश्व कप क्रिकेट प्रतियोगिता में इंग्लैंड के खिलाफ एक गेंद 161.3 किलोमीटर (100.04 मिल प्रति घंटा) प्रति घंटे की रफ्तार से फेंकी थी। इस गेंद को इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज निक नाइट ने खेला था। हालांकि पाकिस्तान ये वनडे मैच हार गया था लेकिन शोएब अख्तर ने अपनी रफ्तार से पूरी दुनिया में सिक्का जमा लिया था। शोएब का यह विश्व कीर्तिमान पिछले 19 साल से अटूट है। वे दुनिया के पहले गेंदबाज हैं जिन्होंने 100 मिल प्रति घंटे से ज्यादा की गति निकाली। एक बार शोएब अख्तर ने कहा था, मेरे इस रिकॉर्ड को कोई नहीं तोड़ सकता।
आधा किलो से अधिक वजनी गेंद से प्रैक्टिस
लेकिन हाल के दिनों में शोएब की राय बदल गयी है। उन्होंने इंग्लैंड के तेज गेंदबाज मार्क वुड के बारे में कहा है, उनका बॉलिंग एक्शन काफी अच्छा है, रफ्तार भी अच्छी है, वे मेरा रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं। लेकिन इसके लिए उन्हें बहुत मेहनत करनी होगा। 100 मिल प्रति घंटे की रफ्तार यूं ही हासिल नहीं होती। मैंने भी काफी मेहनत की थी। प्रैक्टिस के लिए 26 गज (वास्तविक 22 गज) की पिच बनायी थी। आम तौर पर क्रिकेट की गेंद करीब 160 ग्राम की होती है। लेकिन मैं आधा किलो से अधिक वजनी गेंद से प्रैक्टिस करता था। नियमित रूप से वेटलिफ्टिंग करता था जिससे मेरे कंधे और बाजुओं के मसल्स मजबूत हुए। तब जा कर ये मुकाम हासिल किया।
क्या उमरान तोड़ सकते हैं शोएब का रिकॉर्ड ?
Recommended Video
उमरान मलिक ने हाल ही में कहा है, अगर मैं टीम के लिए अच्छा करता हूं और फिट रहता हूं तो एक दिन शोएब अख्तर के रिकॉर्ड को तोड़ दूंगा। अभी मेरा ध्यान अपनी टीम के लिए बेहतर प्रदर्शन पर है। मैं रफ्तार से अधिक इस बात पर फोकस कर रहा हूं कि अहम मौकों पर टीम के लिए विकेट निकाल दूं। जब विकेट मिलेंगे तो रफ्तार भी आगे बढ़ती जाएगी। मैच के दौरान इस बात का ध्यान भी नहीं रहता कि मैंने किस बल्लेबाज को किस रफ्तार से गेंद डाली। फिलहाल उमरान मलिक की नजर 2023 के विश्व कप पर है। लेकिन इसमें अभी आठ महीने का समय है। इसके पहले उन्हें अन्य तेज गेंदबाजों से कठिन स्पर्धा करनी होगी तब जा कर भारतीय टीम में जगह मिलेगी। फिलहाल उन्हें श्रीलंका के खिलाफ टी-20 और वनडे मैचों में खुद को साबित करना होगा। उमरान 23 साल के हैं और उन्होंने अभी तक भारत की तरफ से 5 वनडे और 4 टी-20 इंटरनेशनल मैच ही खेले हैं। उनके पास अपने सपने को सच करने के लिए बहुत समय है।


Click it and Unblock the Notifications
