अक्षर-हुड्डा ने तोड़ दिया धोनी-यूसुफ का 13 साल पुराना रिकॉर्ड, भारत की जीत में अहम साबित हुए दोनों
दीपक हुड्डा और अक्षर पटेल ने भारत को ना केवल मुश्किल समय से बाहर निकाला बल्कि एक ऐसी साझेदारी भी की जिसने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में धोनी और यूसुफ पठान का बनाया 13 साल पुराना रिकॉर्ड भी तोड़ दिया।

भारत ने मंगलवार को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में भले ही श्रीलंका को दो रनों से मात देकर तीन मैचों की टी20 सीरीज में 1-0 से बढ़त बना ली है लेकिन मेजबानों को अपने खेल को कई स्तरों पर सुधारना अभी बाकी है क्योंकि ये अपने घर पर मिली एक मजबूत जीत नहीं थी। अगर भारत के लिए दीपक हुड्डा और अक्षर पटेल शानदार पारियों को अंजाम ना देते तो भारतीय टीम 20 ओवर में 162/5 ना बनाती। किसी तरह भारत ने पहले टी20 मैच में श्रीलंका को आखिरी गेंद पर रोमांचक मुकाबले में दो रन से हरा दिया।

छठे विकेट के लिए 68 रन की साझेदारी
श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और भारत के टॉप ऑर्डर को चलने नहीं दिया लेकिन ऑलराउंडर दीपक हुड्डा और अक्षर पटेल ने छठे विकेट के लिए 68 रन की साझेदारी कर एक फाइटिंग टोटल हासिल किया। वर्ना इससे पहले मेन इन ब्लू 94/5 पर संघर्ष कर रहे थे। जवाब में, मेहमान कप्तान दासुन शनाका की 27 गेंदों में 45 रनों की शानदार पारी खेली और वानिंदु के साथ अंतिम ओवरों में निचले क्रम पर बाकी बल्लेबाजों ने भी योगदान दिया लेकिन वे 20 ओवरों में 160 रन बनाकर आउट हो गए।

एमएस धोनी और यूसुफ पठान से आगे निकल गई जोड़ी
दीपक हुड्डा और अक्षर के बीच 68 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी भारत के लिए वाकई में गेमचेंजर साबित हुई। ये मुश्किल मौकों पर जीवटता दिखाने वाली बात थी। अपनी शानदार साझेदारी के साथ, यह जोड़ी टी20 इंटरनेशनल में टीम इंडिया के लिए छठे विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी की सूची में एमएस धोनी और यूसुफ पठान से आगे निकल गई। पठान-धोनी ने जून 2009 में इंग्लैंड के खिलाफ जो साझेदारी की थी वह अब हुड्डा और पटेल से नीचे जा चुकी है। मार्च 2021 में नरेंद्र मोदी स्टेडियम में इंग्लैंड के खिलाफ विराट कोहली और हार्दिक पांड्या की 70 रन की साझेदारी के बाद हुड्डा और अक्षर की ताजा साझेदारी अब सूची में दूसरे स्थान पर हैं।

प्लेयर ऑफ द मैच रहे दीपक हुड्डा
पहले भी कई मौकों पर खुद को साबित कर चुके प्लेयर ऑफ द मैच हुड्डा 23 गेंदों में 41 रन बनाकर नाबाद रहे जिसमें चार छक्के और एक चौका शामिल था जबकि अक्षर ने 20 गेंदों में एक छक्के और तीन चौकों की मदद से नाबाद 31 रन का योगदान दिया। इन दोनों के अलावा, ओपनर ईशान किशन और कप्तान हार्दिक पांड्या ने टीम इंडिया के लिए उपयोगी पारियां खेलीं। ईशान ने 29 गेंदों में 37 रन बनाए जबकि पांड्या ने 27 गेंदों में 29 रन बनाए। पांड्या ने गेंदबाजी में भी बढ़िया प्रदर्शन किया और ओपन किया।

अक्षर ने अपनी नसों को काबू में रखा
लेकिन भारत के गेंदबाजों में, नवोदित तेज गेंदबाज शिवम मावी का दिन रहा जिन्होंने मेन इन ब्लू के लिए अपने करियर की शानदार शुरुआत करते हुए चार विकेट हासिल किए। मैच में उमरान मलिक और हर्षल पटेल ने दो-दो विकेट लिए। मलिक अपनी स्पीड के लिए फिर चर्चा में रहे। मैच के आखिरी ओवर में श्रीलंका को जीत के लिए 13 रन चाहिए थे, और दो विकेट बाकी थे। तब अक्षर ने अपनी नसों को काबू में रखा और केवल 10 रन दिए। भारत और श्रीलंका के बीच दूसरा टी20 मैच गुरुवार 05 जनवरी को खेला जाएगा।
Recommended Video













Click it and Unblock the Notifications