IND vs SL: टेस्ट कप्तानी में भी क्लीन स्वीप की तैयारी में रोहित, श्रीलंका को मिला 447 रनों का लक्ष्य
बेंगलुरु, 13 मार्च: भारत और श्रीलंका के बीच एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में चल रहा पिंक बॉल टेस्ट अपने निर्णायक मोड़ पर आ चुका है। पहली पारी में 252 रन बनाने वाली भारतीय क्रिकेट टीम ने श्रीलंका को मात्र 109 रनों पर ढेर कर दिया था और उसके बाद दूसरी पारी 9 विकेट के नुकसान पर 303 रन बनाकर घोषित कर दी। इसके साथ ही भारतीय क्रिकेट टीम की लीड 446 रनों की हो गई है जो इस तेजी से टर्न और उछाल लेती हुई पिच पर श्रीलंका के सामने लगभग नामुमकिन चुनौती है।

भारत की दूसरी पारी के हीरो एक बार फिर से श्रेयस अय्यर ही साबित हुए जिन्होंने 87 गेंदों पर 67 रनों की पारी खेली। दूसरी ओर, भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत एक बार फिर से दर्शकों का मनोरंजन करने वाले शॉट खेलते हुए नजर आए और उन्होंने केवल 31 गेंदों पर 7 चौके व दो छक्के की मदद से 50 रन बनाए। इसके अलावा कप्तान रोहित शर्मा ने 46 रन और हनुमा विहारी ने 35 रनों का योगदान दिया।
श्रीलंकाई गेंदबाजों में लसिथ एम्बुलडेनिया को 3 और प्रवीण जयविक्रमा को 4 विकेट मिले।
भारतीय पारी में इस बार अक्षर पटेल को छोड़कर सबने दहाई का अंक छुआ। ओपनर मयंक और रोहित के बीच 42 रनों की बढ़िया साझेदारी हुई। मयंक (22) के आउट होने के बाद हनुमा विहारी (35) बहुत शानदार दिखाई दिए जिन्होंने कप्तान रोहित के साथ अर्धशतकीय पार्टरनशिप की।
हालांकि पूर्व कप्तान विराट कोहली का बल्ला लगातार खामोश चल रहा है। उन्होंने केवल 13 ही रन बनाए और फिर पारी को सही अंजाम देने में विफल रहे। इसके बाद पंत और अय्यर का शो शुरू हुआ। पंत के बाद अय्यर ने जडेजा (22) के साथ भारत को ढाई सौ के करीब पहुंचा दिया।
हालांकि, यह मैच बल्लेबाज अश्विन के लिए भी परीक्षा वाला साबित हुआ जहां एक बार फिर से यह ऑलराउंडर मुश्किल पिच पर संघर्ष करता दिखाई दिया।












Click it and Unblock the Notifications