Ind vs SL: श्रीलंका ने 6 विकेट से जीता मुकाबला, भारत के फाइनल में पहुंचने की उम्मीद लगभग खत्म
सुपर चार के अपने पहले मैच में पाकिस्तान से हारने के बाद आज टीम इंडिया का सामना श्रीलंका से हुआ। दुबई में खेले गए इस मुकाबले में श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया।
नई दिल्ली, 6 सितंबर: सुपर चार के अपने पहले मैच में पाकिस्तान से हारने के बाद आज टीम इंडिया का सामना श्रीलंका से हुआ। दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, दुबई में खेले गए इस मुकाबले में श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 8 विकेट खोकर 173 रन बनाए। जवाब में श्रीलंका ने 19.5 ओवर में 4 विकेट खोकर 174 रन बनाए और मैच को 6 विकेट से जीत लिया। इस हार के बाद टीम इंडिया लगभग फाइनल की रेस से बाहर हो गई है। टीम को फाइनल में पहुंचने के लिए अब ना सिर्फ अफगानिस्तान को हराना होगा, बल्कि दुआ करनी होगी कि श्रीलंका और अफगानिस्तान भी पाकिस्तान को हराएं।

रोहित ने जड़ा अर्धशतक
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत काफी खराब रही। दूसरे ओवर की आखिरी गेंद पर सलामी बल्लेबाज केएल राहुल पवेलियन लौट गए। उन्होंने 7 गेंदों पर 6 रन बनाए। इसके बाद बल्लेबाज करने आए विराट कोहली कुछ खास नहीं कर सके। उन्होंने 4 गेंदों का सामना किया और खाता भी नहीं खोल सके। इसके बाद रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव के बीच तीसरे विकेट के लिए 97 रन की साझेदारी हुई। 13वें ओवर की दूसरी गेंद पर कप्तान रोहित शर्मा 41 गेंदों पर 72 रन बनाकर आउट हुए।

मदुशंका ने झटके 3 विकेट
15वें ओवर की दूसरी गेंद पर भारत को चौथा झटका लगा। सूर्यकुमार यादव 29 गेंदों पर 34 रन बनाकर कैच आउट हुए। 18वें ओवर की तीसरी गेंद पर हार्दिक पांड्या का विकेट गिरा। भारतीय ऑलराउंडर ने 13 गेंदों पर 17 रन की पारी खेली। इसके बाद विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने 13 गेंदों पर 17, दीपक हुड्डा ने 3 रन बनाए। आर अश्विन 17 गेंदों पर 15 और अर्शदीप सिंह 1 गेंद पर 1 रन बनाकर नाबाद रहे। श्रीलंका की ओर से दिलशान मदुशंका ने 3, चमिका करुणारत्ने-दासुन शनाका ने 2-2 और महेश तीक्षाना ने 1 विकेट अपने नाम किया।

चहल ने झटके तीन विकेट
174 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत शानदार रही। पथुम निसानका और कुसल मेंडिस के बीच पहले विकेट के लिए 97 रनों की साझेदारी हुई। 12वें ओवर की पहली गेंद पर निसानका 52 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद आए चरित असलंका खाता भी नहीं खोल सके। 14वें ओवर की आखिरी गेंद पर दनुष्का गुणथिलका 1 रन बनाकर पवेलियन लौटे। स्पिनर्स ने भारत को वापसी दिलाई। लेकिन इसके बाद भानुका राजपक्षे ने 17 गेंदों पर 25 और दासुन शनाका ने 18 गेंदों पर 33 रन की नाबाद पारी खेलकर श्रीलंका को जीत दिला दी। भारत की ओर से युजवेंद्र चहल ने 3 और आर अश्विन ने 1 विकट अपने नाम किया।

दोनों टीमों की प्लेइंग 11
- भारत: केएल राहुल, रोहित शर्मा (कप्तान), विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), दीपक हुड्डा, हार्दिक पांड्या, रविचंद्रन अश्विन, भुवनेश्वर कुमार, युजवेंद्र चहल, अर्शदीप सिंह।
- श्रीलंका: पथुम निसानका, कुसल मेंडिस, चरित असलंका, दनुष्का गुणथिलका, दासुन शनाका (कप्तान), भानुका राजपक्षे, वनिन्दु हसरंगा, चमिका करुणारत्ने, महेश तीक्षाना, असिथा फर्नांडो, दिलशान मधुशंका।












Click it and Unblock the Notifications