IND vs SL: केएल राहुल ने हासिल की खास उपलब्धि, गॉल टेस्ट में तोड़ा गौतम गंभीर का रिकॉर्ड, सामने बैठे थे हेड कोच
India vs Sri Lanka: श्रीलंका के खिलाफ गॉल टेस्ट मैच में भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने का फैसला लिया, केएल राहुल ने मैदान पर आते ही एक धमाकेदार आंकड़ा हासिल कर लिया। भारतीय टीम के हेड कोच गौतम गंभीर को उन्होंने रनों के मामले में पीछे छोड़ने का काम किया है।
बैटिंग के दौरान पहले सेशन में आने के बाद चौका लगाते ही राहुल ने टेस्ट क्रिकेट में अपने पूर्व खिलाड़ी और मौजूदा भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर के कुल टेस्ट रनों को पीछे छोड़ दिया। इस तरह राहुल ने आजादी के दिन यह आंकड़ा हासिल कर अपने लिए यादगार बना दिया।

गॉल टेस्ट से पहले राहुल के नाम 68 टेस्ट मैचों में 4,153 रन थे, जबकि गंभीर ने अपने टेस्ट करियर में 4,154 रन बनाए थे। ऐसे में राहुल को गंभीर से आगे निकलने के लिए सिर्फ दो रन की जरूरत थी। राहुल ने बिना किसी परेशानी के यह आंकड़ा हासिल कर लिया।
इस उपलब्धि की सबसे खास बात यह रही कि जिस वक्त राहुल ने गंभीर को पीछे छोड़ा, उस समय गंभीर ड्रेसिंग रूम में ही मौजूद थे। फर्क सिर्फ इतना था कि गंभीर अब मैदान पर बल्लेबाज के तौर पर नहीं, बल्कि टीम के मुख्य कोच की भूमिका में हैं।
राहुल ने खेले हैं गंभीर से ज्यादा मैच
गंभीर ने भारत के लिए 58 टेस्ट खेले थे। वहीं राहुल ने उनसे 10 टेस्ट ज्यादा खेलकर यह आंकड़ा पार किया है। राहुल के नाम अब टेस्ट क्रिकेट में 4,158 से ज्यादा रन हो चुके हैं और वह भारतीय बल्लेबाजी क्रम के अनुभवी खिलाड़ियों में शामिल हैं।
जायसवाल अच्छी शुरुआत के बाद आउट
गॉल टेस्ट में टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर बैटिंग करने का फैसला लिया। यशस्वी जायसवाल और राहुल ने मिलकर पहले विकेट के लिए 47 रन जोड़े। इस बीच तेज बैटिंग कर रहे जायसवाल 37 गेंदों में 32 रनों की पारी खेलकर आउट हो गए।


Click it and Unblock the Notifications
