Suryakumar Yadav को अब टेस्ट टीम में लाना चाहिए, वर्ल्ड कप विजेता खिलाड़ी की मांग
श्रीलंका के खिलाफ अंतिम टी20 में सूर्यकुमार यादव के धुआंधार शतक के बाद कई तरह की बातें उठी हैं। टेस्ट टीम में शामिल करने की भी एक मांग हुई है।

IND vs SL 3rd T20i (भारत बनाम श्रीलंका): सूर्यकुमार यादव के तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय शतक की चर्चा दुनिया भर में हो रही है। उन्होंने ताबड़तोड़ अंदाज में बैटिंग करते हुए श्रीलंका के गेंदबाजों को बौना साबित कर दिया। सूर्या ने 45 गेंदों में अपना शतक पूरा करते हुए भारत के लिए दूसरा सबसे तेज टी20 सैकड़ा जड़ा। टीम इंडिया के लिए वह सफेद गेंद क्रिकेट के दो प्रारूप में खेल चुके हैं। अब उनको टेस्ट क्रिकेट में लाने की मांग भी उठी है। गौतम गंभीर का मानना है कि अब समय आ गया है कि सूर्या को लाग गेंद के प्रारूप में भी टीम इंडिया का हिस्सा बनाया जाए।
सूर्यकुमार यादव के शतक के बाद गौतम गंभीर ने एक ट्वीट किया और लिखा कि क्या पारी थी। अब उनको टेस्ट क्रिकेट में लाने का समय आ गया है। फैन्स भी गंभीर की बातों से सहमत नज़र आए। उनके ट्वीट को 60 हज़ार से भी ज्यादा लोगों ने लाइक किया। काफी संख्या में रीट्वीट भी हुआ। इससे पता चलता है कि सूर्या को फैन्स टेस्ट क्रिकेट में देखना चाहते हैं। हाल ही में रणजी ट्रॉफी के दौरान सूर्यकुमार यादव ने कुछ मौकों पर तूफानी बैटिंग की थी। वहां भी उनके बल्ले से ताबड़तोड़ रन आए थे। रणजी में वह मुंबई के लिए खेलते हैं।
राजकोट टी20 मैच में सूर्यकुमार यादव एक अलग ही स्तर पर दिखे। उन्होंने न केवल तेजी से रन बनाए बल्कि भारत के लिए टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे तेज शतक जड़ने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। इस मामले में वह रोहित शर्मा के बाद नम्बर दो पर आ गए हैं। रोहित शर्मा के नाम 35 गेंदों में शतक है। सूर्या ने 45 गेंदों में यह कारनामा किया है। अपने नाबाद 112 रनों के लिए सूर्यकुमार यादव ने 7 चौके और 9 छक्के जमाए। इस पारी के कारण टीम इंडिया ने श्रीलंका को 229 रनों का बड़ा और कठिन लक्ष्य दिया जिसे हासिल करना टेढ़ी खीर साबित हुआ।
भारत ने श्रीलंका को 137 रनों के मामूली स्कोर पर आउट करते हुए मैच 91 रनों से जीत लिया। इसके साथ ही टीम इंडिया ने 2-1 से सीरीज अपने नाम कर ली। भारतीय टीम को सीरीज के दूसरे मैच में करीबी हार का सामना करना पड़ा था। अक्षर पटेल को प्लेयर ऑफ़ द सीरीज और सूर्यकुमार यादव को प्लेयर ऑफ़ द मैच चुना गया।
अब भारतीय टीम श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज में खेलेगी। एकदिवसीय सीरीज में टीम इंडिया तीन मैच खेलेगी। इन मैचों के लिए रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे दिग्गज टीम में आएँगे। देखना होगा कि पचास ओवर के प्रारूप में श्रीलंकाई टीम का प्रदर्शन कैसा रहेगा। हालांकि मामला वहां भी आसान नहीं होगा।












Click it and Unblock the Notifications