IND vs SL: हार्दिक पांड्या का बड़ा खुलासा, इस पूर्व भारतीय खिलाड़ी ने की काफी मदद
हार्दिक पांड्या की कप्तानी में गुजरात टाइटंस ने आईपीएला जीता था। भारत ने श्रीलंका के खिलाफ टी20 सीरीज भी उनकी कप्तानी में ही जीती है।

IND vs SL 3rd T20i (भारत बनाम श्रीलंका): हार्दिक पांड्या की कप्तानी में आईपीएल के समय से ही निखार देखने को मिला है। पांड्या ने श्रीलंका के खिलाफ अपनी कप्तानी में भी टीम इंडिया को 2-1 से सीरीज जिताई है। इससे पहले न्यूजीलैंड दौरे पर भी वह कप्तान थे। गुजरात टाइटंस ने पहली बार आईपीएल खेलते हुए पांड्या की कप्तानी में खिताबी जीत दर्ज की थी। पांड्या ने अपने जीवन में आशीष नेहरा का प्रभाव होने की बात कही है। आईपीएल में नेहरा गुजरात के कोच हैं और पांड्या टीम के कप्तान हैं। दोनों साथ मिलकर काम करते हैं।
आशीष नेहरा की अहम भूमिका
श्रीलंका के खिलाफ सीरीज जीतने के बाद पांड्या ने कहा कि गुजरात के दृष्टिकोण से देखा जाए तो आशीष नेहरा जैसे कोच के साथ मैंने काम किया, उन्होंने मेरे जीवन में बड़ा बदलाव लाने का काम किया। हमारा माइंडसेट एक जैसा है, हम दो अलग-अलग व्यक्तित्व हैं लेकिन समान क्रिकेटिंग विचार रहते हैं। हम खेल के बारे में एक ही तरह की सोच रखते हैं।
नेहरा के समर्थन से मदद मिली
पांड्या ने कहा कि नेहरा ने मेरी कप्तानी में वैल्यू जोड़ने का काम किया है। मैं उनके साथ रहा तो मुझे फायदा हुआ। मुझे जो चीज हासिल करनी थी, वह भी मिली। सिर्फ एक आश्वासन पाना था, बाकी गेम के बारे में चीजें मुझे पहले से ही पता है। मैं पहले से जो भी जानता था, उसके बारे में मुझे नेहरा से समर्थन मिला। इससे निश्चित रूप से मुझे काफी मदद मिली थी।
हार्दिक पांड्या पॉजिटिव खिलाड़ी
पिछले महीने ही नेहरा ने कप्तान हार्दिक पांड्या के बारे में प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने कहा था कि मुझे पांड्या की कप्तानी को लेकर कोई संदेह नहीं है। जिस तरह का व्यक्तित्व वह हैं और ऑल राउंड क्षमता वह रखते हैं, पांड्या एक पॉजिटिव खिलाड़ी हैं। लोग उनको एक नए कप्तान के रूप में देखते हैं लेकिन वह काफी स्किल वाले खिलाड़ी हैं। मुझे तो कभी नहीं लगा कि वह नये कप्तान हैं और कप्तानी के बारे में कुछ नहीं जानते।
गौरतलब है कि पांड्या हर फील्ड में आगे से लीड करना चाहते हैं। उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ ऐसा दिखाया है। श्रीलंका के खिलाफ टी20 सीरीज में पांड्या खुद नई गेंद के साथ पहला ओवर लेकर आते देखे गए। इसके अलावा अपने खिलाड़ियों को भी वह बैक करते हैं। शुभमन गिल दो मैचों में फ्लॉप रहे थे लेकिन उनको तीसरा मौका दिया गया और गिल ने 46 रन बनाए।












Click it and Unblock the Notifications