'मैं रोहित शर्मा के सम्मान में अपनी टोपी उतारता हूं,' रन आउट मामले में रोहित का मुरीद हुआ यह खिलाड़ी
रोहित शर्मा ने शनाका को रन आउट करने से रोकते हुए शमी से अपील वापस लेने के लिए कहा था, उनके इस रवैये की जमकर तारीफ हुई है।

IND vs SL 1st ODI: श्रीलंका के खिलाफ गुवाहाटी एकदिवसीय मुकाबले के दौरान रोहित शर्मा का बल्ला चला था। फैन्स को उनकी यह पारी काफी पसंद आई। बांग्लादेश के खिलाफ वनडे में तेज अर्धशतक के बाद वह बाहर हो गए थे और आते ही उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ भी धुआंधार बैटिंग की। रोहित शर्मा ने बैटिंग के अलावा भी एक और खास काम किया था जिसकी तारीफ हो रही है। उन्होंने मेहमान टीम के कप्तान दसुन शनाका को नॉन स्ट्राइक छोर पर रन आउट करने की अपील वापस ली थी। रोहित शर्मा के इस निर्णय को लेकर श्रीलंका के पूर्व कप्तान सनथ जयसूर्या ने दिल जीतने वाला बयान दिया और रोहित की जमकर तारीफ की।

सनथ जयसूर्या ने की रोहित की सराहना
जयसूर्या ने मुकाबले के बाद अपने ट्विटर हैंडल से एक ट्वीट पोस्ट किया और रोहित शर्मा को असली विनर बताया। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा कि असली विनर रोहित शर्मा की खेल भावना थी। उन्होंने शनाका को रन आउट करने से मना कर दिया। मैं अपनी कैप उनके लिए उतारता हूँ। जयसूर्या ने रोहित शर्मा के लिए सम्मान प्रकट करते हुए अपनी टोपी उतारने की बात कही। ट्विटर पर वायरल ट्वीट को फैन्स ने काफी पसंद किया।

शमी ने किया था शनाका को रन आउट
अंतिम ओवर में शनाका 98 पर खेल रहे थे और नॉन स्ट्राइक छोर पर अपने शतक का इंतजार करते हुए जल्दी भाग रहे थे। गेंदबाज को पता था कि शनाका क्रीज छोड़कर भाग रहे हैं। उन्होंने उनको रन आउट कर दिया। बल्ला क्रीज से बाहर था और अपील करने पर तीसरे अम्पायर के पास मामला रेफर कर दिया गया। इसके बाद रोहित शर्मा शमी के पास आए और रन आउट की अपील वापस लेने का निर्णय लिया गया। शनाका ने इस ओवर में शतक पूरा कर लिया।

रोहित शर्मा ने अपील वापस लेने का कारण बताया
मैच के बाद रोहित शर्मा ने शनाका को रन आउट नहीं करने का कारण भी बताया। उन्होंने कहा कि हमने देखा कि शनाका 98 रन बनाकर खेल रहे हैं और वह शतक के हकदार थे। हम उनको अपने तरीके से आउट करना चाहते थे लेकिन रन आउट करना सही नहीं था। वह शतक के करीब थे इसलिए मैंने ऐसा फैसला लिया। गौरतलब है कि टीम इंडिया ने श्रीलंका को गुवाहाटी में खेले गए पहले मुकाबले में 67 रनों के बड़े अंतर से पराजित किया है। अगला मुकाबला 12 जनवरी को कोलकाता में खेला जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications