Watch Video: लाइव मैच के दौरान पहली बार टीवी पर नजर आयी वामिका, अनुष्का के साथ कोहली को किया चीयर

नई दिल्ली। भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेली जा रही 3 मैचों की वनडे सीरीज का आखिरी मैच केपटाउन के मैदान पर खेला जा रहा है, जहां पर भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। साउथ अफ्रीका की टीम सीरीज में पहले ही 2-0 की अजेय बढ़त बनाकर सीरीज को अपने नाम कर चुकी है, जिसके बाद अगर साउथ अफ्रीका की टीम आखिरी मैच जीत जाती है तो वो भारत को क्लीन स्वीप कर पाकिस्तान के रिकॉर्ड की बराबरी कर लेगी। हालांकि भारतीय टीम इस मैच में जीत हासिल कर सीरीज को सम्मानजनक तरीके से दौरे को खत्म करने की ओर देख रहा है, तो वहीं पर साल 2022 में अपनी पहली जीत भी हासिल करना चाहेगी।
भारतीय टीम इस साल अब तक 4 अंतर्राष्ट्रीय (2 टेस्ट, 2 वनडे) मैच खेल चुकी है लेकिन उसे अब तक एक भी मैच में जीत हासिल नहीं हुई है, ऐसे में न सिर्फ भारतीय टीम बल्कि कप्तान केएल राहुल भी अपनी पहली जीत की तलाश कर रहे हैं। भारतीय फैन्स के लिये इस मैच में गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया और पहले 2 मैचों में जहां साउथ अफ्रीकी टीम के 7 ही विकेट हासिल कर सके थे तो वहीं पर इस मैच में उन्होंने पूरे 10 विकेट अपने नाम कर लिये।
साउथ अफ्रीका की टीम इस मैच में 49.5 ओवर्स ही खेल सकी और 287 रन के स्कोर पर सिमट गई। साउथ अफ्रीका की टीम 300 से ज्यादा बड़े स्कोर की तरफ बढ़ती नजर आ रही थी, लेकिन जिस तरह से गेंदबाजों ने टीम की वापसी करायी उससे भारतीय फैन्स काफी खुश हुए हैं, हालांकि इस दौरान एक और ऐसी चीज हुई जिसने फैन्स का दिल खुश कर दिया है।
भारतीय टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली और बॉलीवुड अभिनेत्री अनुष्का शर्मा की सोशल मीडिया पर काफी फैन फॉलोइंग हैं और दोनों ही सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव भी रहते हैं। विरुष्का के नाम से मशहूर यह जोड़ी पिछले साल ही पैरेंटस बनी है, लेकिन माता-पिता बनने के बाद दोनों ने अपनी बेटी वामिका को सोशल मीडिया से अभी तक दूर रखा है। विरुष्का ने वामिका को तब तक सोशल मीडिया से दूर रखने का फैसला किया है जब तक कि वो खुद इसको लेकर फैसला लेने लायक न हो जाये, जिसकी वजह से जन्म के बाद से अब तक फैन्स वामिका की झलक नहीं देख सके हैं। कुछ तस्वीरें जो पहले आयी भी हैं, उसमें वामिका का चेहरा नजर नहीं आ रहा है।
और पढ़ें: पीवी सिंधु ने खत्म किया 2 साल का खिताबी सूखा, मालविका बंसोड़ को हराकर जीता सैयद मोदी टूर्नामेंट
हालांकि केपटाउन के मैदान पर खेले जा रहे इस आखिरी मैच में अनुष्का शर्मा और वामिका लाइव मैच के दौरान फील्डिंग में विराट कोहली को चीयर करते नजर आये। फैन्स के लिये यह पहली बार है जब वामिका का चेहरा उन्हें देखने को मिल रहा है। यह घटना 25वें ओवर की पहली गेंद की है जब अनुष्का शर्मा काली ड्रेस पहनकर विंडो पर खड़ी नजर आयी और उनकी गोद में वामिका नजर आ रही है। सोशल मीडिया पर इस लम्हे का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें फैन्स अपनी पसंदीदा जोड़ी की बेटी की तस्वीर देखकर फूले नहीं समा रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications