IND vs SA: अहमदाबाद में जसप्रीत बुमराह ने तोड़ा सालों पुराना रिकॉर्ड, लसिथ मलिंगा को पछाड़ रचा इतिहास
IND vs SA, Jasprit Bumrah: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 चरण का आगाज भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच एक रोमांचक मुकाबले के साथ हुआ। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मैच में भारतीय टीम के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने अपनी धारदार गेंदबाजी से एक बार फिर दुनिया को अपना लोहा मनवाया। बुमराह ने इस मैच के दौरान श्रीलंका के दिग्गज लसिथ मलिंगा के एक बड़े रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया।
जसप्रीत बुमराह का दमदार प्रदर्शन (IND vs SA, Jasprit Bumrah)
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ इस अहम मुकाबले में जसप्रीत बुमराह ने शानदार गेंदबाजी का प्रदर्शन किया। उन्होंने अपने कोटे के 4 ओवरों में महज 3.75 की इकॉनमी से 15 रन दिए और 3 अहम विकेट चटकाए। इन 3 विकटों के साथ ही बुमराह अब टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 'बोल्ड' के जरिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले दुनिया के दूसरे गेंदबाज बन गए हैं।

अफ्रीका ने बनाए थे 187 रन
बुमराह के नाम अब 44 बोल्ड विकेट दर्ज हो गए हैं। इस मामले में उन्होंने लसिथ मलिंगा (43 बोल्ड) को पीछे छोड़ दिया है। अब इस लिस्ट में बुमराह से आगे सिर्फ अफगानिस्तान के लेग स्पिनर राशिद खान (58 बोल्ड) हैं। मैच की बात करें तो दक्षिण अफ्रीका के कप्तान एडेन माक्ररम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का साहसिक फैसला लिया। अफ्रीकी बल्लेबाजों ने भारतीय आक्रमण पर जमकर प्रहार किया और निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेट खोकर 187 रनों का स्कोर खड़ा किया। लेकिन भारतीय टीम सिर्फ 111 रनों पर सिमट गई और 76 रनों से मुकाबले को गंवा बैठी।
बाकी गेंदबाजों का नहीं मिला साथ
एक तरफ जहां बुमराह ने 15 रन देकर 3 विकेट लिए, वहीं टीम के अन्य गेंदबाज अफ्रीकी बल्लेबाजों पर लगाम कसने में पूरी तरह विफल रहे। बुमराह के 4 ओवरों को छोड़ दिया जाए, तो बाकी के 16 ओवरों में भारतीय गेंदबाजों ने 172 रन लुटाए। हार्दिक पांड्या से लेकर वरुण चक्रवर्ती तक, सभी गेंदबाज उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सके, जिसका फायदा उठाकर दक्षिण अफ्रीका ने एक बड़ा स्कोर बोर्ड पर टांग दिया।












Click it and Unblock the Notifications