IND vs SA: डीन एल्गर के नाबाद शतक से दक्षिण अफ्रीका ने ली बढ़त, भारतीय टीम की बढ़ी परेशानी
IND vs SA 1st Test: दक्षिण अफ्रीका ने सेंचुरियन टेस्ट मैच के दूसरे दिन भारतीय टीम के ऊपर पहली पारी के आधार पर 11 रनों की बढ़त हासिल कर ली। खराब रोशनी के कारण खेल रोका गया, इस समय स्कोर 5 विकेट पर 256 रन था। एल्गर 140 और यानसेन 3 रन बनाकर क्रीज पर थे, बाद में खेल नहीं हुआ और स्टम्प्स की घोषणा कर दी गई।
दिन की शुरुआत में टीम इंडिया ने बल्लेबाजी की और केएल राहुल का तूफानी रूप देखने को मिला। भारत के अंतिम दो ही विकेट बचे हुए थे और राहुल को शतक बनाने के लिए 30 रनों की दरकार थी। केएल राहुल ने तेजी से रन बनाने का प्रयास किया और सफल रहे।

केएल राहुल ने कुछ छक्के भी जड़े और अपना शतक पूरा कर लिया। सेंचुरियन में राहुल का यह दूसरा शतक था। इससे पहले साल 2021 में भी उनके बल्ले से शतक आया था। टीम इंडिया पहली पारी में 245 रनों के कुल स्कोर पर सिमट गई। रबाडा ने 5 और बर्गर ने 3 विकेट झटके।
जवाबी पारी में खेलते हुए अफ्रीकी टीम की खराब शुरुआत रही। सिराज ने मार्करम को जल्दी ही आउट कर दिया। मार्करम 5 रन के निजी स्कोर पर आउट होकर चलते बने। इसके बाद डीन एल्गर और टोनी डी जॉर्जी ने मिलकर मामला संभाल लिया। दोनों स्कोर 100 के पार लेकर गए।
बुमराह ने भारत को दूसरी सफलता दिलाई और डी जॉर्जी को 28 के निजी स्कोर पर आउट कर दिया। कुछ ही देर में नए बल्लेबाज कीगन पीटरसन को भी बुमराह ने चलता किया और यहाँ से एक बार फिर से अफ्रीका के लिए भागीदारी हुई। नए बल्लेबाज बेडिंघम और एल्गर के बीच शतकीय भागीदारी हुई। इससे पहले एल्गर ने अपना शतक पूरा कर लिया।
बेडिंघम के बल्ले से अर्धशतकीय पारी आई। वह 56 रनों के निजी स्कोर पर सिराज की गेंद पर आउट होकर चलते बने। विकेटकीपर बल्लेबाज काइल वेरेयन्ने ज्यादा देर नहीं टिके। वह प्रसिद्ध कृष्णा की गेंद पर 4 रनों के निजी स्कोर पर आउट होकर पवेलियन लौट गए।












Click it and Unblock the Notifications