'मुझे हटाने के लिए इंडियन बॉलर्स को मेरा शरीर तोड़ना होगा', जोहांसबर्ग के हीरो के पिता ने किया खुलासा
नई दिल्लीः दक्षिण अफ्रीका के कप्तान डीन एल्गर ने जोहांसबर्ग टेस्ट मैच में भारत के खिलाफ जो जीवट पारी खेली उसने पूरी दुनिया में उनकी वाह-वाह कराई। ऐसी पारियां टेस्ट क्रिकेट में कम ही देखने को मिलती हैं। वैसे तो एल्गर इस पूरी सीरीज में ही भारत के सामने एक ठोस बल्लेबाज के तौर पर खेले हैं लेकिन जोहांसबर्ग की चौथी पारी में की गई बैटिंग लंबे समय तक याद रहेगी।
एल्गर के नाबाद 96 तब आए जब सब कुछ दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ था और खुद अफ्रीकी बल्लेबाज कैगन पीटरसन ने माना था कि अगर भारत 200 से ऊपर का टारगेट देगा तो यह दक्षिण अफ्रीका को मैच से दूर करता जाएगा। भारत वांडरर्स में कभी नहीं हारा था और साउथ अफ्रीका के सामने चौथी पारी में 240 रनों का टारगेट उस पेस अटैक के सामने था जिसकी तूती दुनिया में बोलती है।

हीरो बने डीन एल्गर ने पिता से क्या कहा था-
लेकिन जीत दक्षिण अफ्रीका को मिली और हीरो बने डीन एल्गर। क्विंटन डिकॉक की टेस्ट से विदाई के बाद यह प्रोटियाज खेमे को फिर से जोशीला कर देने वाली जीत है। दक्षिण अफ्रीका वैसे भी भारत के जीतने के लिए हमेशा एक मुश्किल जगह रही है। अब एल्गर के पिता रिचर्ड एल्गर ने बताया है कि उनके बेटे ने दूसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन उनसे क्या कहा था।
तीसरे दिन एल्गर नाबाद पवेलियन लौटे थे और उन्होंने तब पिता से कहा था कि जब तक वह अपने देश को मैच नहीं जिता देते तब तक आउट नहीं होंगे। यानी वे मैच जिताकर नाबाद लौटेंगे। और यही हुआ भी। एल्गर ने नाबाद 96 रनों की पारी खेल दी।

'इंडियन बॉलरों को मेरे शरीर का कोई हिस्सा तोड़ना होगा'
पिता ने यह भी बताया कि बेटे डीन एल्गर ने साफ कहा था अगर भारतीय टीम को उनको क्रीज से हटाना है तो इंडियन बॉलरों को उनके शरीर का कोई हिस्सा तोड़ना होगा। रिचर्ड एल्गर ने बताया कि जब उन्होंने बेटे के मुंह से यह शब्द सुने तो उनको पूरा विश्वास हो गया था कि डीन अब मैच को जिताकर ही लौटेंगे। रिचर्ड एल्गर के हवाले से यह बात द इंडियन एक्सप्रेस ने बताई है।
रिचर्ड एल्गर ने यह भी बताया कि जब साउथ अफ्रीका को जीत के लिए 100 से कम रन चाहिए थे तब उन्होंने अपनी पत्नी को बता दिया था कि अब भारत उनके बेटे को आउट नहीं कर पाएगा। उन्होंने कहा कि डीन एल्गर अपने जोन में बैटिंग कर रहे थे, और वे जानते थे बेटा अब बेड़ा पार कराके ही सांस लेगा।

पिता बोले- पत्नी को बता दिया था, बेटा भारत से आउट नहीं होगा
रिचर्ड एल्गर ने कहा, सुबह के समय, जब टारगेट 100 से कम हो गया, मैंने अपनी पत्नी को कहा कि अब वे उसको आज आउट नहीं कर पाएंगे। मैं देख सकता हूं वह अपने जोन में चला गया है, बहुत फोकस है, उसको यह भी नहीं पता है कि उसके आसपास क्या हो रहा है। मैं ये देख सकता हूं।
सीनियर एल्गर ने बताया कि पत्नी तब बोली- अभी तो 100 के करीब रन बाकी है..
इस पर रिचर्ड ने पत्नी ने कहा- इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। डीन और बाकी लोग ये हासिल करने जा रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications