IND vs SA 1st T20: कटक में विकेटों की लगेगी झड़ी या बरसेगा रन? ऐसा रहेगा पिच और मौसम का मिजाज!
IND vs SA1st T20: भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच पांच मैचों की टी-20 इंटरनेशनल सीरीज का आगाज 9 दिसंबर यानी मंगलवार से होने जा रहा है। सीरीज का पहला मुकाबला ओडिशा के बाराबती स्टेडियम, कटक में खेला जाएगा। यह सीरीज दक्षिण अफ्रीका के भारत दौरे का अंतिम सीरीज है। अफ्रीका ने टेस्ट सीरीज में भारत को 2-0 से हराकर सीरीज की शुरुआत की थी, लेकिन इसके बाद तीन मैचों की वनडे सीरीज भारत ने 2-1 से जीत ली।
टी-20 सीरीज में भिड़ने को तैयार दोनों टीमें (IND vs SA1st T20)
वनडे सीरीज में यशस्वी जायसवाल के पहले शतक की मदद से भारत ने विशाखापत्तनम में निर्णायक मुकाबला 9 विकेट से जीता था। इस जीत के बाद भारतीय टीम का मनोबल ऊंचा होगा। अब सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली भारतीय टीम इस टी-20 सीरीज को घरेलू धरती पर होने वाले आईसीसी टी-20 विश्व कप 2026 की तैयारी के रूप में देख रही है। ऐसे में टीम टी-20 सीरीज को भी अपने नाम करना चाहेगी।

कटक का मौसम और पिच रिपोर्ट
कटक के बाराबती स्टेडियम में पहला टी-20 मैच खेला जाएगा। मौसम की बात करें तो मैच के समय यानी शाम को मौसम साफ रहने की उम्मीद है। हालांकि, इस दौरान तापमान गिरकर 12 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है, जिससे काफी ठंड होगी। ओस का प्रभाव भी देखने को मिल सकता है। मैदान पर ओस होने से गेंदबाजों के लिए मैच के दौरान चुनौती बढ़ सकती है।
बाराबती स्टेडियम की पिच गेंदबाजों खासकर स्पिनरों के लिए मददगार मानी जाती है। पूर्व भारतीय दिग्गज अनिल कुंबले और मनिंदर सिंह जैसे स्पिनरों ने इस मैदान पर काफी सफलता हासिल की है। इस ट्रैक पर असामान्य उछाल देखने को मिलता है। इस मैदान पर यह सिर्फ चौथा अंतरराष्ट्रीय टी-20 मैच होगा और खास बात यह है कि इससे पहले हुए तीन में से दो मैच भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच ही हुए हैं।
भारतीय टीम पर एक नजर
सूर्यकुमार यादव (कप्तान) की अगुवाई में भारतीय टीम इस सीरीज में उतरेगी। टीम में शुभमन गिल (उप-कप्तान), तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, संजू सैमसन (विकेटकीपर) और जसप्रीत बुमराह जैसे अनुभवी और युवा खिलाड़ी मौजूद हैं। टी-20 के बाकी मैच 11, 14, 17 और 19 दिसंबर को खेले जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications