IND vs PAK: बांग्लादेश लाया भारत-पाक मैच में नया बवाल, पाकिस्तान से कहा टीम इंडिया से मैच खेलना पड़ेगा
IND vs PAK: पाकिस्तान टी20 वर्ल्ड कप से जुड़े विवाद में बांग्लादेश ने बड़ा ट्विस्ट लाने वाला काम किया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड से आग्रह किया है कि वह 15 फरवरी को भारत के खिलाफ मैदान में उतरे।
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने ऐसा क्यों किया? इसको लेकर फ़िलहाल कयास ही लगाए जा सकते हैं क्योंकि किसी ने उम्मीद नहीं की होगी कि जिस देश को वर्ल्ड कप से बाहर किया गया है, वह पीसीबी से ऐसा अनुरोध करेगा।

पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने भारत के खिलाफ मैच से हटने का फैसला पाकिस्तान सरकार के निर्देश पर लिया था। इस पूरे मामले में अंतिम निर्णय अब पाकिस्तान के प्रधानमंत्री के हाथ में है। नकवी और पाकिस्तानी पीएम की मुलाक़ात होनी है।
पीटीआई ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि पीसीबी के प्रतिनिधि नकवी बांग्लादेश, श्रीलंका और अमीरात क्रिकेट बोर्ड के साथ-साथ आईसीसी के साथ हुई बातचीत की पूरी जानकारी प्रधानमंत्री को देंगे, जिसके बाद आगे का रुख तय किया जाएगा।
UAE बोर्ड पहले ही कर चुका स्थिति साफ
रिपोर्ट्स की मानें तो अमीरात क्रिकेट बोर्ड ने पहले ही पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड से कह दिया था कि एक दोस्त होने के नाते हम चाहते हैं कि आप भारत के खिलाफ मुकाबला खेलें। अमीरात क्रिकेट बोर्ड ने साफ़ कहा था कि पीछे हटने से एसोसिएट देशों के ऊपर भी काफी असर पड़ेगा।
बेइज्जती से बचने का हथकंडा?
यहां बांग्लादेश के अनुरोध के पीछे पाकिस्तान की चाल भी नजर आती है। भारत के खिलाफ मैच के लिए यूटर्न लेने से पहले पाकिस्तान की चाल हो सकती है। पीसीबी बांग्लादेश के अनुरोध का हवाला देते हुए मैच खेलने पर सहमत होने जैसा बयान दे सकती है। इससे मुकाबले के लिए यूटर्न भी हो जाएगा और पीसीबी अपनी इज्जत बचाने में भी सफल हो जाएगी। मामले में इतनी देरी होने का मतलब यही निकाला जा सकता है कि आईसीसी ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की शर्तों को नहीं माना है। इस वजह से अब नए हथकंडे सामने आ रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications