IND vs PAK: साल 2026 में कितनी बार भिड़ेंगी भारत-पाकिस्तान की टीमें? कब और कहां होगा मैच! ये है पूरा शेड्यूल
IND vs PAK 2026 Matches List: साल 2026 क्रिकेट फैंस के लिए किसी त्यौहार से कम नहीं होने वाला है। इस साल अंडर-19 विश्व कप, पुरुष टी20 विश्व कप और महिला टी20 विश्व कप जैसे बड़े टूर्नामेंट आयोजित होने जा रहे हैं। लेकिन सबसे ज्यादा उत्साह भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाली भिड़ंत को लेकर है। 2025 में चैंपियंस ट्रॉफी और एशिया कप के दौरान कई बार टकराने के बाद अब 2026 में भी इन दोनों चिर-प्रतिद्वंद्वियों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिलेगी।
15 फरवरी को होगी पहली भिड़ंत (IND vs PAK 2026 Matches List)
साल 2026 के टी20 विश्व कप की सह-मेजबानी भारत और श्रीलंका कर रहे हैं। भारतीय टीम अपने अधिकांश मैच घरेलू मैदानों पर खेलेगी, लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ ग्रुप स्टेज का मुकाबला श्रीलंका के आर. प्रेमदासा स्टेडियम (कोलंबो) में खेला जाएगा। यह मैच 15 फरवरी 2026 को तय किया गया है। अगर दोनों टीमें नॉकआउट चरण में पहुंचती हैं, तो सेमीफाइनल या फाइनल में भी इनकी दोबारा भिड़ंत हो सकती है।

अंडर-19 विश्व कप में भी हो सकता है सामना
युवा सितारों के अंडर-19 विश्व कप में भारत और पाकिस्तान को अलग-अलग ग्रुप में रखा गया है। भारत ग्रुप-A में है और पाकिस्तान ग्रुप-B में शामिल है। इसका मतलब है कि लीग स्टेज और सुपर-सिक्स के दौरान ये टीमें आमने-सामने नहीं होंगी। इन दोनों के बीच मुकाबला केवल तभी संभव है जब दोनों टीमें सेमीफाइनल या फाइनल तक का सफर तय करें। पिछले साल एशिया कप फाइनल में मिली हार के बाद, भारतीय युवा टीम इस बार हिसाब बराबर करना चाहेगी।
महिला टी20 विश्व कप में भी होगा कमाल
2025 के वनडे विश्व कप में शानदार प्रदर्शन के बाद भारतीय महिला टीम 2026 में इंग्लैंड की धरती पर अपना पहला टी20 विश्व कप खिताब जीतने के इरादे से उतरेगी। यहां भारत और पाकिस्तान को एक ही ग्रुप में रखा गया है। दोनों टीमों के बीच यह हाई-वोल्टेज मैच 14 जून 2026 को बर्मिंघम के प्रसिद्ध एजबेस्टन मैदान पर खेला जाएगा। इस मैच के बाद भी सेमीफाइनल या फाइनल में दोबारा टकराने की संभावनाएं बनी रहेंगी।












Click it and Unblock the Notifications