IND vs NZ Final: अहमदाबाद में फाइनल देखने पहुंचेंगे PM मोदी? सवा लाख दर्शकों के साथ बढ़ाएंगे टीम का हौसला!
IND vs NZ, T20 WC Final: भारतीय क्रिकेट टीम आईसीसी पुरुष टी20 वर्ल्ड कप 2026 के खिताबी मुकाबले से अब सिर्फ एक कदम दूर है। वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए बेहद रोमांचक सेमीफाइनल में इंग्लैंड को 7 रनों से मात देकर सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली टीम इंडिया ने फाइनल में जगह बनाई है। अब रविवार यानी 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत का सामना न्यूजीलैंड से होगा।
भारत के पास इतिहास रचने का मौका (IND vs NZ, T20 WC Final)
भारतीय टीम इस समय बेहतरीन लय में दिखाई पड़ रही है। पिछले दो आईसीसी टूर्नामेंट जीतने के बाद भारत के पास आईसीसी खिताबों की हैट्रिक पूरी करने का बेहतरीन अवसर है। आधुनिक क्रिकेट के दौर में अब तक कोई भी टीम यह कारनामा नहीं कर सकी है। सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ भारत ने दिखाया कि दबाव की स्थितियों में उनका गेंदबाजी और बल्लेबाजी क्रम किस कदर संतुलित है। अब केवल न्यूजीलैंड की चुनौती भारत और ट्रॉफी के बीच खड़ी है।

क्या मैच देखने आएंगे पीएम मोदी?
अहमदाबाद के स्टेडियम में होने वाले इस महामुकाबले को लेकर एक बड़ा सवाल यह है कि क्या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्टैंड्स में मौजूद रहेंगे? साल 2023 के वनडे वर्ल्ड कप फाइनल के दौरान प्रधानमंत्री स्टेडियम में उपस्थित थे, लेकिन इस बार स्थितियां कुछ अलग नजर आ रही हैं। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री की उपस्थिति की संभावनाएं फिलहाल कम हैं।
स्टेडियम आने की संभावनाएं बेहद कम
सरकार वर्तमान में पश्चिम एशिया में चल रही तनावपूर्ण राजनीतिक स्थितियों की बारीकी से निगरानी कर रही है, जो उनके कार्यक्रम को प्रभावित कर सकती है। रविवार को प्रधानमंत्री दिल्ली में लगभग 33,500 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इसमें दिल्ली मेट्रो के पिंक और मजेंटा लाइन के नए कॉरिडोर समेत करीब 18,300 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट्स और सरकारी आवासीय कॉलोनियों (सरोजिनी नगर, नेताजी नगर आदि) के पुनर्विकास की योजनाएं शामिल हैं।
रविवार को मैदान पर मुकाबला जोरदार होने की उम्मीद है। भारत और न्यूजीलैंड के बीच आईसीसी नॉकआउट मैचों का इतिहास हमेशा रोमांचक रहा है। जहां भारत अपनी तीसरी वैश्विक जीत की तलाश में है, वहीं न्यूजीलैंड एक बार फिर बड़े मैच में खुद को साबित कर पहला टी20 वर्ल्ड कप खिताब जीतना चाहेगा।












Click it and Unblock the Notifications