IND vs NZ: मैच से पहले भारत को लगा तगड़ा झटका, ऋषभ पंत चोटिल, ईशान किशन की लगी सकती है लॉटरी!
IND vs NZ Rishabh Pant: भारतीय क्रिकेट टीम के लिए न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज की शुरुआत से ठीक पहले एक बुरी खबर सामने आई है। टीम के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत चोटिल होने के कारण पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं। रविवार से शुरू होने वाले पहले मुकाबले से महज कुछ घंटे पहले आई इस खबर ने भारतीय टीम और फैंस की चिंता बढ़ा दी है।
मैच से पहले ऋषभ पंत चोटिल (IND vs NZ Rishabh Pant)
रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह घटना शनिवार दोपहर वड़ोदरा में टीम इंडिया के अंतिम अभ्यास सेशन के दौरान हुई। नेट प्रैक्टिस में थ्रो-डाउन का सामना करते समय एक गेंद पंत की कमर के ठीक ऊपर पसलियों के पास जा लगी। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि गेंद लगते ही पंत दर्द से कराह उठे और उन्हें तुरंत मेडिकल स्टाफ की मदद लेनी पड़ी। हालांकि उम्मीद जताई जा रही थी कि चोट गंभीर नहीं होगी, लेकिन दर्द कम न होने के कारण उन्हें स्क्वाड से बाहर करने का फैसला लिया गया।

ईशान किशन की हो सकती है वापसी
ऋषभ पंत के बाहर होने के बाद अब चयनकर्ताओं की नजरें युवा विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन पर टिकी हैं। सूत्रों की मानें तो ईशान किशन को पंत के रिप्लेसमेंट के तौर पर टीम में शामिल किया जा सकता है। ईशान के लिए यह एक सुनहरा मौका साबित हो सकता है क्योंकि वह पिछले कुछ समय से वनडे सेटअप से बाहर चल रहे थे। घरेलू क्रिकेट में उनके हालिया फॉर्म को देखते हुए उन्हें पहली पसंद माना जा रहा है।
प्रैक्टिस सेशन में रोहित ने बहाया पसीना
पंत की चोट के बीच टीम इंडिया के प्रैक्टिस सेशन से कुछ अन्य दिलचस्प तस्वीरें भी सामने आईं। टीम के पूर्व कप्तान और सीनियर बल्लेबाज रोहित शर्मा नेट सत्र के दौरान काफी सक्रिय नजर आए। रोहित को तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को बल्लेबाजी के गुर सिखाते हुए देखा गया। इसके बाद सिराज ने नेट्स पर अपनी बल्लेबाजी पर भी हाथ आजमाए। भारतीय टीम अब अपनी बल्लेबाजी की गहराई को मजबूत करने पर काफी ध्यान दे रही है।
टीम इंडिया के लिए बड़ी चुनौती
न्यूजीलैंड जैसी मजबूत टीम के खिलाफ ऋषभ पंत का न होना भारत के मिडिल ऑर्डर के लिए एक बड़ी कमी साबित हो सकता है। पंत न केवल विकेट के पीछे मुस्तैद रहते हैं, बल्कि अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से खेल का रुख पलटने में माहिर हैं। अब देखना होगा कि उनकी अनुपस्थिति में केएल राहुल विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संभालते हैं या ईशान किशन को सीधे प्लेइंग-11 में मौका मिलता है।












Click it and Unblock the Notifications