IND vs NZ: भारत-न्यूजीलैंड के बीच अब तक हुए हैं दो ICC फाइनल, जानिए किसका पलड़ा रहा भारी
IND vs NZ ICC Finals Head To Head: चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के फाइनल में भारत का सामना न्यूजीलैंड से होगा। ब्लैक कैप्स ने बुधवार यानी 5 मार्च को लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेले गए दूसरे सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका को हराकर खिताबी मुकाबले में जगह पक्की की। कीवी टीम ने रचिन रवींद्र (108) और केन विलियमसन (102) के शतकों की बदौलत 50 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 362 रन बनाए। जवाब में प्रोटियाज 50 ओवर में नौ विकेट के नुकसान पर 312 रन ही बना सकी।
25 साल पुराना बदला लेना चाहेगा भारत (IND vs NZ ICC Finals Head To Head)
दक्षिण अफ्रीकी टीम पर बड़ी जीत हासिल करने के बाद कीवी टीम रविवार यानी 9 मार्च को फाइनल मुकाबले में भारत के खिलाफ ग्रुप ए मैच में मिली हार का बदला लेने की कोशिश करेगी। दूसरी तरफ साल 2000 के फाइनल में हार झेलने वाली भारतीय टीम की कोशिश न्यूजीलैंड से 25 साल पुराना बदला लेने पर होगी। ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि दोनों टीमों में आखिर जीत किसे मिलती है?

भारत को मिली थी हार
15 अक्टूबर 2000 को नैरोबी के जिमखाना क्लब ग्राउंड में 2000 चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में भारत का सामना न्यूजीलैंड से हुआ था। कीवी कप्तान स्टीफन फ्लेमिंग ने मैच में टॉस जीता और भारत को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया, जिसके बाद कप्तान सौरव गांगुली के 117 और सचिन तेंदुलकर के 69 रनों की बदौलत मेन इन ब्लू ने 50 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 264 रन बनाए।
न्यूजीलैंड ने जीता था मैच
लेकिन 266 रनों का लक्ष्य न्यूजीलैंड की टीम एक खराब शुरुआत के बावजूद वे 49.4 ओवर में छह विकेट खोकर इसे हासिल करने में सफल रही। ऑलराउंडर क्रिस केर्न्स ने नंबर 5 पर बल्लेबाजी करने के बाद 113 गेंदों पर 102 रनों की नाबाद पारी खेली। 132 रनों पर 5 विकेट गिरने के बाद न्यूजीलैंड ने क्रिस केर्न्स के शतक की मदद से मुकाबला दो गेंद रहते अपने नाम कर लिया था। यह न्यूजीलैंड की पहली आईसीसी ट्रॉफी भी थी।
विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में भारत को मिली थी हार
इसके बाद विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (2019-21) के पहले सीजन का फाइनल 18 से 23 जून तक साउथेम्प्टन के द रोज़ बाउल स्टेडियम में भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच खेला गया। बारिश से प्रभावित इस मैच में विराट कोहली की कप्तानी में भारत को 8 विकेट से करारी हार का सामना करना पड़ा। न्यूज़ीलैंड के कप्तान केन विलियमसन ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाज़ी करने का न्योता दिया।
न्यूज़ीलैंड के तेज़ गेंदबाज़ ने बादल छाए रहने का पूरा फ़ायदा उठाया और काइल जैमीसन ने 31 रन देकर 5 विकेट चटकाए, जबकि ट्रेंट बोल्ट और नील वैगनर ने दो-दो विकेट चटकाए और भारतीय टीम को पहली पारी में सिर्फ़ 217 रन पर समेट दिया। सलामी बल्लेबाज़ डेवोन कॉनवे के 54 और विलियमसन के 49 रनों के बावजूद कीवी टीम पहली पारी में भी 249 रन ही बना सकी, लेकिन दूसरी पारी में भी भारतीय बल्लेबाज़ एक बार फिर से कमाल नहीं दिखा पाए और 73 ओवर में 170 रन पर ढेर हो गए।
मैच की चौथी पारी में कीवी टीम को 139 रनों का लक्ष्य दिया गया और उन्होंने विलियमसन के नाबाद 52 और रॉस टेलर के 47 रनों की बदौलत 45.5 ओवर में सिर्फ दो विकेट खोकर यह लक्ष्य हासिल कर लिया। इस तरह अब तक दो आईसीसी फाइनल में भारत और न्यूजीलैंड का सामना हुआ है और दोनों में ही न्यूजीलैंड की टीम को जीत मिली थी।












Click it and Unblock the Notifications